कटनी, माधव नगर थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मारी, जिससे बाइक पर सवार महिला और पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला करीब 5 फीट दूर उछलकर गिर पड़ी, जिससे उसे चोटें आईं।
यह पूरी घटना क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही माधव नगर पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर घायल व्यक्तियों को प्राथमिक चिकित्सा के लिए शासकीय जिला अस्पताल पहुंचाया। महिला, जो इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुई थी, अब एक निजी अस्पताल में अपना इलाज करवा रही है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
इस दुर्घटना में शामिल वाहन को पुलिस ने जब्त कर लिया है और मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है और उचित कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
पुलिस ने जनता से अपील की है कि सड़कों पर सावधानी से वाहन चलाएं और तेज रफ्तार से बचें ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
थाना प्रभारी माधव नगर, कटनी


