रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम । कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सोनिया मीना द्वारा जारी आदेश के परिपालन में डिप्टी कलेक्टर ब्रजेन्द्र कुमार रावत ने बुधवार नर्मदापुरम पहुंच कर सिटी मजिस्ट्रेट का पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर तहसीलदार देवशंकर धुर्वे, नायब तहसीलदार सृष्टी डेहरिया ने पुष्पगुच्छ भेंट कर श्री रावत का कार्यालय में स्वागत किया। कार्यभार ग्रहण करते ही सिटी मजिस्ट्रेट श्री रावत ने तहसील कार्यालय का निरीक्षण तथा नर्मदापुरम शहर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होनें सेठानी घाट पहुंच कर बाढ़ आपदा बचाव सहायता केन्द्र का निरीक्षण किया एवं सेठानी घाट के जलस्तर का अवलोकन किया। मौके पर मौजूद जिला होमगार्ड कमांडेंट राजेश जैन एवं जिला होमगार्ड की टीम को सेठानी घाट पर किसी भी आकस्मिक स्थिति के लिए अलर्ट रहने के निर्देश दिये। अवगत हो कि सोहागपुर एसडीएम के पद पर आपका कार्यकाल बेहतर रहा है। उल्लेखनीय है कि जिला मुख्यालय पर सिटी मजिस्ट्रेट का महत्वपूर्ण पद है। गत बुधवार 4 सितंबर को कलेक्टर द्वारा प्रशासनिक फेरबदल के तहत प्रभारी डिप्टी कलेक्टर व सिटी मजिस्ट्रेट असवन राम चिरामन को एसडीएम सोहागपुर का दायित्व सौंपा गया। इसी प्रकार संयुक्त कलेक्टर अनिल कुमार जैन को सिटी मजिस्ट्रेट बनाया गया और बृजेंद्र कुमार रावत को पिपरिया एसडीएम बनाया गया था। संयुक्त कलेक्टर अनिल कुमार जैन द्वारा अवकाश पर चले जाने से उनके द्वारा सिटी मजिस्ट्रेट का दायित्व नहीं संभाला गया। तब नर्मदापुरम एसडीएम नीता कोरी को प्रभारी सिटी मजिस्ट्रेट की जवाबदारी सौंपी गई। इसी बीच दो दिन पूर्व आईएएस अनीशा श्रीवास्तव को पिपरिया एसडीएम बनाया गया। इसके बाद प्रशासनिक फेरबदल के पुन कयास लगाए जाने लगे थे। आज बुधवार को कलेक्टर के आदेश पर प्रशासनिक कसावट के लिए फेरबदल हुआ है। जिसके परिपालन में डिप्टी कलेक्टर बृजेंद्र कुमार रावत को सिटी मजिस्ट्रेट का महत्वपूर्ण दायित्व सोपा गया है। प्रभारी सिटी मजिस्ट्रेट नीता कोरी द्वारा श्री रावत को प्रभार सौंपा गया। सिटी मजिस्ट्रेट पद पर श्री रावत द्वारा पदभार ग्रहण करने के उपरांत तहसील कार्यालय का निरीक्षण कर शहर नर्मदापुरम का भ्रमण कर सेठानी घाट पहुंचकर बाढ़ आपदा बचाव सहित सहायता केंद्र का निरीक्षण किया गया।


