कटनी।शासन के निर्देशानुसार कटनी नगर निगम द्वारा नगरनिगम सीमांतर्गत आने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग हाइवे और मुख्य सड़क मार्गों में गौवंश के स्वच्छंद विचरण और बरसात के मौसम में पशुओं के सड़कों में जमावड़े से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम और गोवंश को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से लगातार पशुओं को हटाने की कार्यवाही की जा रही हैं जिसमें निगम द्वारा विशेष दल गठन,पशुओं का पंजीयन,अतिरिक्त श्रमिकों की तैनाती,गौवंश/मवेशियों हेतु कांजीहाउस का समय-समय पर निरीक्षण,समीक्षा कर सतत निगरानी एवं इस अभियान के दौरान लापरवाही करने वाले कर्मियों के विरुद्ध प्रशासनिक कार्यवाही की जा रही है।उक्त अभियान में अब तक 321 गौवंश/मवेशियों को कांजीहाउस भेजा गया है,पशुओं का सड़कों में विचरण पाये जाने पर 36 पशुपालकों पर राशि रू.18200 जुर्माना अधिरोपित किया गया है एवं कार्य के दौरान लापरवाही करने वाले 7 कर्मियों को नोटिस,1 कर्मी को निलंबित,1 आउटसोर्स कर्मी की सेवा समाप्त एवं 5 कर्मियों पर अवैतनिक की कार्यवाही की गई है।
आवारा पशुओं पर नियमित हो कार्यवाही,लापरवाही करने वालों पर होगी सख़्त कार्यवाही
निराश्रित गौवंश,मवेशियों को सड़कों से हटाने चलाये जा रहे अभियान को सफल बनाने हेतु दिनांक 29 अगस्त को नगर निगम उपायुक्त पीके अहिरवार द्वारा स्वास्थ्य विभाग के साथ बैठक आयोजित कर स्वास्थ्य अधिकारी एवं सभी क्षेत्रीय स्वच्छता निरीक्षक,वार्ड दारोग़ाओं को आवारा पशुओं पर नियमित कार्यवाही करते हुए जुर्माना,पशुओं के पंजीयन एवं पंजीयन हेतु अधिक से अधिक एमएसडब्लू गाड़ी के माध्यम से प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए साथ ही नगर निगम द्वारा संचालित सभी कांजीहाउस में चारा-भूसा पानी सभी व्यवस्थाओं को भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।उक्त बैठक में प्र स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी,सभी स्वच्छता निरीक्षक,उप-पर्यवेक्षक सहित निगम के अन्य अधिकारी कर्मचारियों की उपस्थिति रही।


