MPNEWSCAST
कटनी (5 अगस्त ) – अधिकारी बैठकों में विभागीय गतिविधियों की अद्यतन जानकारी और पूरी तैयारी के साथ आएं। विशेषकर ऐसी स्थिति में जब बैठक का एजेंडा पहले से ही निर्धारित होता है उसके बाद भी बिना अद्यतन जानकारी के बैठकों में केवल उपस्थिति के लिए मौजूद रहना लापरवाही का द्योतक है। कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव ने दो टूक लहजे में यह निर्देश आज सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में दिए। कलेक्टर श्री यादव ने अधिकारियों को हिदायत दी कि सुशासन और जवाबदेही समझते हुए जनता के द्वारा बिना शिकायत किये ही आमजन तक पहुंचें। विभागीय अधिकारी उनकी समस्याओं का तत्परता से निराकरण करें और जन सुविधाएं मुहैया करायें।
बैठक मे जिला पंचायत सीईओ श्री शिशिर गेमावत, वन मंडलाधिकारी गौरव शर्मा, अपर कलेक्टर साधना परस्ते, संयुक्त कलेक्टर द्वय संस्कृति लटौरिया, निधि सिंह गेहल, डिप्टी कलेक्टर द्वय प्रमोद चतुर्वेदी व विवेक गुप्ता सहित एस.डी.एम कटनी प्रदीप कुमार मिश्रा, एस.डी.एम बहोरीबंद राकेश चौरसिया, एस.डी.एम विजयराघवगढ महेश मंडलोई सहित जिला कार्यक्रम अधिकारी नयन सिंह नगर पंचायतों के सीएमओ एवं अन्य जिलाधिकारियों की मौजूदगी रही।
राजस्व महाअभियान की समीक्षा
कलेक्टर श्री यादव ने समय-सीमा की बैठक के दौरान जिले में आयोजित हो रहे राजस्व महाअभियान -2.0 के तहत ब्लॉकवार किये जा रहे समग्र ई- केवाईसी, आधार से मोबाइल लिंक कार्यवाही, आरसीएमएस डैशबोर्ड एवं नक्शा तरमीम के प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा कर कार्य प्रगति को दृष्टिगत रखते हुए ब्लाकवार कंप्यूटर एवं नेट की व्यवस्था करने तथा दक्ष विभागीय कंप्यूटर ऑपरेटरों की ड्यूटी लगाकर लंबित प्रकरणों का निराकरण कराने के निर्देश नगर पंचायत, नगर पालिका अधिकारियों एवं जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस सौरभ नामदेव को दिए।
शीघ्र करें जर्जर शाला भवनों की जांच
बैठक में कलेक्टर श्री यादव ने जिले के जर्जर स्कूल भवनों के चिन्हांकन संबंधी कार्य की मंथर गति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला परियोजना समन्वयक बी.के.डेहरिया को निर्देशित किया कि वे इस कार्य में कौताही बरतने वाले उपयंत्रियों पर कार्यवाही करें साथ ही जर्जर स्कूल भवनों के जीर्णाेद्धार और मरम्मत कराये जाने संबंधी जानकारी प्रस्तुत करें और विभागीय उपयंत्रियों की जिला पंचायत सीईओ श्री गेमावत के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश डी.पीसी श्री डेहरिया को दिए।
जांच कर प्रस्तुत करें जानकारी
कलेक्टर श्री यादव ने एसडीएम, नगर निगम, नगर पालिका अधिकारियों को जिले के शासकीय भवनों एवं संचालित कोचिंग संस्थानों, होटल, मॉल आदि के बेसमेंट, फायर एन.ओ.सी, फायर सेफ्टी, इलेक्ट्रोनिक सेफ्टी, बिल्डिंग परमिशन, गुमास्ता लाइसेंस के प्रावधानों के अनुसार संस्थानों की जांच कराकर जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
पोर्टल पर दर्ज करें लोक परिसंपत्ति का विवरण
कलेक्टर श्री यादव ने जिले की लोक परिसंपत्तियों की जानकारी अनुविभागीय अधिकारियों से लेकर पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश डिप्टी कलेक्टर प्रमोद चतुर्वेदी को दिए। पुर्नघनत्वीकरण योजना के तहत जिले में चल रहे कार्याे की जानकारी बैठक में उपस्थित असिस्टेंट इंजीनियर मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड द्वारा प्रस्तुत नहीं करने पर नाराजगी जाहिर करते हुए आगामी बैठक में संपूर्ण जानकारी के साथ उपस्थित होने की हिदायत कलेक्टर श्री यादव द्वारा दी गई।
संयुक्त दल करे छात्रावासों की जांच
जिले मे संचालित शासकीय स्कूलों के छात्रावासों में स्थापित किचन शेड, राशन एवं भोजन व्यवस्था, मनोरंजन एवं पढ़ाई की व्यवस्था सहित मूलभूत व्यवस्थाओं की जांच एस.डी.एम. तहसीलदार, जनपद सीईओ, बीआरसी के संयुक्त दल से कराकर आवश्यक व्यवस्थाओं को पूर्ण कराने के कलेक्टर निर्देश दिए।
जल स्त्रोतों का करें क्लोरोनाइजेशन
कलेक्टर श्री यादव ने कार्यपालन यंत्री पीएचई के.एस. डामोर को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के ग्रामों में स्थापित जल स़्त्रोतों और हैंडपंपों आदि में आवश्यकतानुसार क्लोरीन व जल शुद्धिकरण दवाओं का छिड़काव किये जानें तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी को जिले में खाद्य पदार्थाे की नियमित जांच कर कार्यवाही करनें हेतु निर्देशित किया गया।
कलेक्टर श्री यादव ने वर्षा ऋतु को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से विद्युत लाईन, पोल की जांच कर पेड़ों की शाखाओं की कटाई करानें, राशन दुकानो एवं खाद दुकानों में उपलब्ध स्कंध एवं खाद की जानकारी रेट आदि बोर्ड में अंकित करने, प्रधानमंत्री जन आरोग्य केन्द्र फर्माशिष्ट नियुक्त कर केन्द्रों का प्रचार- प्रसार करानें सहित न्यायालयीन प्रकरणों की समीक्षा की जाकर लंबित प्रकरणों पर जवाबदावा प्रस्तुत करनें के निर्देश दिए गए।


