कटनी – कलेक्टर अवि प्रसाद की पहल पर जिले के 1500 से अधिक शासकीय स्कूलों के 1 लाख 70 हजार छात्रों और शिक्षकों के वृहद नेत्र स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम का आगाज मंगलवार को झिंझरी स्थित सी.एम.राईज स्कूल से हो गया है। यहां मंगलवार को कक्षा 9वीं से 12वीं क्लास के 295 छात्रों का नेत्र परीक्षण किया गया। जिसमें 34 बच्चों के दृष्टि दोष से प्रभावित पाए जाने पर निःशुल्क चश्मा प्रदान किया गया।
कलेक्टर अवि प्रसाद ने यहां पहुंचकर छात्रों के नेत्र परीक्षण से संबंधित व्यवस्थाओं को देखा और जरूरी दिशा – निर्देश दिए। मंगलवार को यहां छात्रों के नेत्र परीक्षण के दौरान आठ छात्रों को विशेष चिकित्सकीय जांच के लिए सुविधानुसार जिला चिकित्सालय या सदगुरू नेत्र चिकित्सालय चित्रकूट के लिए रेफर किया गया।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री प्रसाद की अध्यक्षता मे बीते 20 जून को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में राष्ट्रीय दृष्टिहीनता नियंत्रण कार्यक्रम की कार्यशाला आयोजित हुई थी। जिसमें कलेक्टर श्री प्रसाद के प्रयासों से जिले के सभी शासकीय स्कूलों के छात्र – छात्राओं के निःशुल्क नेत्र परीक्षण सहित जरूरत के मुताबिक उन्हे निःशुल्क चश्मा वितरण कार्य हेतु साईट सेवर्स संस्था एवं वेन गिंविंग फाउंडेशन के माध्यम से वित्तीय संसाधन व सदगुरू नेत्र चिकित्सालय द्वारा इस नेक कार्य के लिए आगे हांथ बढ़ाया था और जुलाई माह से सी.एम. राइज स्कूल कटनी के छात्रों से नेत्र परीक्षण कार्य के शुरूआत की योजना बनाई गई थी।
इसी बैठक में यह तय हुआ था कि विद्या ज्योति स्कूल आई हेल्थ परियोजना के तहत आगामी तीन वर्षो में जिले के 1 लाख 70 हजार छात्रों का नेत्र परीक्षण किया जायेगा। इस साल कटनी और विजयराघवगढ़ विकासखंड के शासकीय स्कूलों के छात्रों का नेत्र परीक्षण कर उन्हे निःशुल्क चश्में वितरित किये जाएगें और गंभीर नेत्र रोग से ग्रसित छात्रों की जरूरत के मुताबिक उनका विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सकों द्वारा आंखों का ऑपरेशन भी कराया जायेगा। इस पूरे अभियान की खासियत यह है कि इस नेत्र परीक्षण कार्य का लाभ छात्रों के साथ – साथ सभी शिक्षकों को भी मिलेगा। शिक्षकों की आंखों की भी जांच की जायेगी और उन्हे भी निःशुल्क चश्में प्रदान किये जाएगें।
सीएम राईज स्कूल मे नेत्र परीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ यशवंत वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी पी.पी.सिंह, ए.डी.पी.सी अभय जैन, प्रधानाचार्य सीएम राइज स्कूल अजय शंकर पाण्डेय, सीएचओ ललिता पटेल और ऋचा मोड़िया सहित परमात्मा गुप्ता के नेतृत्व में सदगुरू नेत्र चिकित्सालय की पूरी टीम मौजूद रहीं।


