कटनी – जिले के ग्राम तेवरी निवासी शुभम विश्वकर्मा पिता जयनारायण विश्वकर्मा 80 फीसदी अस्थिबाधित दिव्यांग हैं एवं स्पोर्ट व्हीलचेयर क्रिकेटर हैं । इनका चयन मध्यप्रदेश व्हीलचेयर क्रिकेट टीम में एक आलराउंडर खिलाड़ी के रूप में महसाना गुजरात क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए हुआ था। लेकिन इनके पास स्पोर्ट व्हीलचेयर न होने की वजह से ये टूर्नामेंट में हिस्सा ले पाने को लेकर सशंकित थे। दिव्यांग शुभम ने अपनी व्यथा कलेक्टर श्री अवि प्रसाद को बताया। वहीं से इनके सपनों को हकीकत में बदलनें का सफर शुरू हो गया। कलेक्टर के प्रयासों से शुभम को स्पोर्ट व्हील चेयर मिली। इस पर शुभम ने कहा कि कलेक्टर साहब की वजह से मुझे प्रतियोगिता में शामिल होने का अवसर मिल सकेगा।
जिले के प्रशासनिक मुखिया श्री अवि प्रसाद ने दिव्यांग खिलाड़ी की व्यथा को समझते हुए उपसंचालक, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण श्री नयन सिंह को स्पोर्ट व्हीलचेयर क्रिकेटर दिव्यांग शुभम विश्वकर्मा को आवश्यक कार्यवाही कर स्पोर्ट व्हीलचेयर दिलाए जाने हेतु निर्देशित किया था। उपसंचालक, नयन सिंह ने तत्संबंध में सम्यक कार्यवाही करते हुए स्थानीय बाजार में स्पोर्ट व्हील चेयर उपलब्ध नहीं होने पर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से व्हीलचेयर की व्यवस्था करके दिव्यांग शुभम को प्रदान किया गया।
स्पोर्ट व्हीलचेयर मिलने के बाद शुभम अब बहुत खुश हैं और कलेक्टर श्री प्रसाद और सामाजिक न्याय विभाग के प्रति आभार जताया है।
Jansampark Madhya Pradesh
