रिपोर्टर प्रिया दुबे
*वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए नगर निगम को मिली प्रोत्साहन राशि*
*131 शहरों की तिमाही रैंकिंग में जबलपुर को मिला 8वॉं स्थान*
जबलपुर। जबलपुर शहर की वायु गुणवत्ता सुधार हेतु नगर निगम जबलपुर द्वारा निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव के निर्देशानुसार व्यापक एवं सार्थक प्रयास किये जा रहे हैं और निगम का यह प्रयास आगे भी जारी रहेगा, ताकि शहर के नागरिक स्वच्छ वायु में अपने जीवन का आनंद ले सकें। निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव ने बताया कि निगम प्रशासन के प्रयासों के परिणाम स्वरूप ही नगर निगम जबलपुर त्यौहारों के समय शहर को स्वच्छ वायु गुणवत्ता कायम रखने में सफल हुआ है, प्रदेश के दूसरे शहरों की अपेक्षा जबलपुर की स्वच्छ वायु गुणवत्ता नागरिकों के लिए उत्कृष्ट है। इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार पूरे मध्यप्रदेश के शहरों में जबलपुर शहर की सर्वाधिक 27 प्रतिशत से अधिक का सुधार आया है, जिसमें भोपाल – 9 प्रतिश, ग्वालियर – 6 प्रतिश, एवं इंदौर – 9 प्रतिशत, का सुधार आया हैं। इस प्रकार जबलपुर शहर की वायु गुणवत्ता भोपाल, इन्दौर, और ग्वालियर से भी बेहतर है। वायु गुणवत्ता में किये गए बेहतर प्रयास के लिए नगर निगम जबलपुर को प्रोत्साहन राशि भी प्राप्त हुई है। निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव ने बताया कि वायुगुणवत्ता के लिए चुने गए 131 शहरों की तिमाही रैंकिंग में जबलपुर को 8वॉं स्थान भी प्राप्त हुआ है।
निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव ने शहर की वायु गुणवत्ता इसी प्रकार बनाए रखने हेतु आम जनमानस से अपील है कि किसी भी प्रकार के कचरे को ना जलाएं, निर्माण कार्य के दौरान ग्रीन नेट का उपयोग करें एवं निर्माण में उत्पन्न होने वाली सामग्री पर पानी का छिड़काव करें, जिससे आपके आस-पास की वायु स्वच्छ बनी रहे। मध्यप्रदेश के प्रमुख शहरो में भी बारिश उपरांत ऐसी स्थिति बनी थी किंतु विशेष पाबंदियां न होने के कारण फिर से वायु गुणवत्ता बिगड़ने लगी है। पूर्व में जबलपुर निगम द्वारा कचरा जलाने, ग्रीन नेट का उपयोग न करने एवं मलमा सड़क पर पड़े होने पर चालानी कार्रवाई की गई है जो की पालन न होने पर यथावत जारी रहेगी।


