कलेक्टर के निर्देशानुसार स्कूली बसों का ऑकस्मिक जांच-निरीक्षण किया गया। इसका उद्देश्य स्कूली बच्चों की सुरक्षा, स्कूल बसों का सावधानी पूर्वक संचालन एवं दुर्घटनाओं को रोकना है। इसी श्रृंखला में आज अपर कलेक्टर श्री वीरसिंह चौहान द्वारा परिवहन विभाग के माध्यम से नेहरू मॉन्टेसरी स्कूल, अर्वाचीन इंडिया स्कूल एवं माइक्रो विजन एकेडमी की लगभग 70 स्कूल बसों की सुरक्षा की जांच की गई। इस दौरान अपर कलेक्टर ने बसों के संचालन में सुरक्षा के उपाय अपनाने हेतु आवश्यक समझाईश भी दी।
निरीक्षण में माननीय सर्वोच्च न्यायालय की गाईड-लाईन अनुसार बसों में आवश्यक सामग्री जैसे-फस्ट एड बॉक्स, फायर फायटर एवं सीसीटीव्ही कैमरे की उपलब्धता एवं संचालन की जांच की गई। उपकरण सही नहीं पाये जाने पर, तीन दिवस के भीतर सुधार करने हेतु नोटिस भी दिये गये है। यह कार्यवाही आगे भी जारी रहेंगी। कार्यवाही के दौरान प्रभारी परिवहन विभाग श्री जगदीश बिल्लोरे सहित अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे।


