कलेक्टर अवि प्रसाद के निर्देश पर कृषकों एवं नागरिकों की सुविधा को दृष्टिगत रख लंबित सीमांकन प्रकरणों के निराकरण हेतु जिले में चलाये जा रहे विशेष अभियान में लंबित प्रकरणों के निराकरण की कार्यवाही मिशन मोड पर किया जा रहा है। अभियान के तहत मैदानी राजस्व अमला और राजस्व अधिकारियों के सद्प्रयासों की वजह से अभियान के दौरान अब तक 3 हजार 940 सीमांकन प्रकरण निपटाये जा चुके है। जिले भर में सीमांकन प्रकरणों के निराकरण का कार्य अनवरत रूप से जारी है।
कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा राजस्व अधिकारियों को आर.सी.एम.एस. पोर्टल पर लोकसेवा गारंटी अधिनियम के तहत दर्ज लंबित सीमांकन प्रकरणों को समय-सीमा में प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश दिए गये थे। साथ ही उन्होंने अधिकारियों से कहा था कि वर्तमान में खेतों से फसल की कटाई हो जाने से खेत खाली है। जिससे सुविधाजनक ढंग से सीमांकन कार्य किया जा सकता है। कलेक्टर के निर्देश के बाद जिले में सीमांकन प्रकरणों के निराकरण की दिशा में हुई कारगर पहल की वजह से इसके निराकरण में गति परिलक्षित हुई है।
कलेक्टर हर दिन कर रहे समीक्षा
कृषकों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर श्री प्रसाद और अपर कलेक्टर श्रीमती साधना परस्ते द्वारा सीमांकन प्रकरणों के निराकरण की स्थिति की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। विदित हो कि कलेक्टर श्री प्रसाद ने राजस्व अधिकारियों को राजस्व प्रकरणों का निराकरण पूरी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ करने के निर्देश दे रखे है। सीमांकन प्रकरणों के निपटारे में आई तेजी की वजह से बड़ी संख्या में किसान भाइयों से सीमांकन के आवेदन प्राप्त हो रहे है। जिले में संचालित विशेष अभियान के तहत निराकृत सीमांकन प्रकरणों के प्रति किसानों का भरोसा बढ़ा है। निराकृत प्रकरणों का आर.सी.एम.एस. पोर्टल में दर्ज मामलों पर किसान भी खुश है।
सीमांकन प्रकरणों के निराकरण में ढ़ीमरखेड़ा तहसील निरंतर अव्वल
कलेक्टर के निर्देश के बाद सीमांकन प्रकरणों के निराकरण के मामले में जिले की तहसीलों में ढ़ीमरखेड़ा तहसील 595 सीमांकन प्रकरणों का निराकरण कर अव्वल स्थान पर है। जबकि तहसील विजयराघवगढ द्वारा दूसरे स्थान पर रहकर अब तक कुल 470 सीमांकन प्रकरणो का निपटारा किया जा चुका है। इसी प्रकार तहसील रीठी द्वारा तीसरे स्थान पर रहते हुए अब तक 458 सीमांकन प्रकरणों का निपटारा किया जा चुका है।
सीमांकन प्रकरणों के निपटारे के मामले मे तहसील कटनी नगर द्वारा चौथे स्थान पर अब तक कुल 450 प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है। जबकि पांचवे स्थान पर तहसील स्लीमनाबाद द्वारा अब तक 440 सीमांकन प्रकरणों का निपटारा किया जा चुका है।
इसी तरह सीमांकन प्रकरणों के निराकरण के मामले मे जिले की तहसील बरही द्वारा 431 प्रकरण निपटाकर कर छठवे, बहोरीबंद तहसील द्वारा 396 सीमांकन प्रकरण निराकृत कर सातवे पायदान पर और बड़वारा तहसील 388 सीमांकन प्रकरण के निपटारे के साथ आठवे स्थान पर है। जबकि कटनी तहसील 312 सीमांकन प्रकरणों के निपटारे के साथ अंतिम नौवें पायदान पर है।


