खुद को पत्रकार बताकर मिली महिला
हबीबगंज थाना पुलिस के मुताबिक, पीड़ित अधिकारी डॉ. जीवन रजक मंत्रालय में अवर सचिव पीएचई विभाग पद पर पदस्थ हैं। रजक प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट के ओएसडी रह चुके हैं। जुलाई 2023 में एक महिला ने मंत्री के बंगले पर पहुंचना शुरू किया था। खुद को पत्रकार बताने वाली महिला रजक से बातचीत करने लगी। वह अक्सर कुछ लोगों के काम कराने की सिफारिश लेकर पहुंचती थी। ट्रांसफर, पोस्टिंग के काम में रजक ने मदद करने से मना कर दिया, तो उसने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया था। वह करीब एक साल से रजक को काम नहीं करने पर दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दे रही थी।
इतना ही नहीं पिछले दिनों महिला उनके शिवाजी नगर स्थित घर जा पहुंची। धमकी देते हुए 2 करोड़ रुपए देने की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर उसने कांट-छांटकर तैयार किया अश्लील वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर बदनाम करने की भी बात कही थी। मानसिक रूप से बुरी तरह परेशान होने पर डॉ. रजक ने घटना की लिखित शिकायत थाने में की थी।
जांच के बाद पुलिस ने शुक्रवार को महिला के खिलाफ ब्लैकमेल करने का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि महिला के खिलाफ रीवा पुलिस में भी कई शिकायत दर्ज हैं। आरोपी महिला रीवा के गोविंदगढ़ की रहने वाली है। महिला बड़े अधिकारियों को फंसाकर पैसे की मांग की करती थी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


