मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा 5 जून से शुरू किए गए प्रदेशव्यापी नमामि गंगे अभियान के अंतर्गत संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत इन दिनों जनसहयोग और श्रमदान से कटनी जिले की माई नदी के जीर्णाेद्धार और साफ-सफाई का सामाजिक अनुष्ठान चल रहा है।
महापौर श्रीमती प्रीति सूरी और कलेक्टर श्री अवि प्रसाद सहित कई जनप्रतिनिधियों ने आज शनिवार को माई नदी की साफ-सफाई ,गहरीकरण और वर्षों से यहां नदी की तलहटी में जमा हुई सूखी शिल्ट,गाद और यहां जमा कचरा हटाने के श्रमदान और जनसहयोग से चल रहे कार्य का मौका मुआयना किया। कलेक्टर और महापौर ने बैलटघाट में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
इस दौरान कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा बाबाघाट, मंगलनगर, छपरवाह घाट ,छठ पूजा घाट एवं बैलट घाट रबर फैक्ट्री रोड तक करीब तीन किलोमीटर पैदल चलकर नदी से संबंधित सफाई कार्य का निरीक्षण किया और आयुक्त नगर निगम विनोद शुक्ला को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, एस.डी.एम प्रदीप कुमार मिश्रा, पार्षद संतोष शुक्ला, शिब्बू साहू, रमेश सोनी, और लघु उद्योग भारती के अरूण सोनी, शासकीय तिलक महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ आर.पी.सिह सहित अन्य पार्षदों एव गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी रही।
अब तक इन्होंने की भागीदारी
माई नदी पुनर्जीवन अभियान के दौरान विभिन्न सामाजिक संस्थाओ यथा एनएसएस जॉइंट्स ग्रुप ऑफ सहेली कटनी, राधास्वामी ग्रुप कटनी, जॉइंट्स ग्रुप ऑफ कटनी सिटी मार्बल, शिकागो पब्लिक स्कूल,लघु उद्योग भारती कटनी एवं अन्य संस्थाओं,व्यक्तियों से जनसहयोग प्राप्त हुआ। नगर निगम एवं जनभागीदारी से प्रतिदिन उपलब्ध कराई गयी 3 पोकलेन मशीन, 2 जेसीबी मशीनों एवं 5 हाईवा वाहनों से माई नदी में चक्की घाट से बाबा घाट के बीच 3825 मीटर लंबाई में नदी की सफाई,गहरीकरण कार्य पूर्ण किया जा चुका है जिसमें लगभग 24 हजार 600 क्यूबिक मीटर सिल्ट, गाद निकाली जा चुकी है ।
जनसहयोग से बोरियों में मिट्टी भरकर उनका उपयोग नदी में सीधे मिलने वाले नालों को डाइवर्ट करने हेतु किया गया है एवं नालों के प्राथमिक उपचार उपरांत उन्हें नदी में छोड़े जाने की कार्यवाही भी की गई है।साथ ही माई घाट में मोटर पंप स्थापित कर पानी के एरेशन भी किया जा रहा है जिससे नदी के जल की गुणवत्ता में सुधार हुआ है।
नालों का ट्रीटमेंट
माई नदी में मिलने वाले नालों के प्राथमिक उपचार हेतु महाकौशल रेफैक्ट्रीज कटनी द्वारा 1 माह की खपत अनुसार केमिकल, भार्गव केमिकल्स द्वारा 500 केल्शियम हाईड्राक्साईड निःशुल्क उपलब्ध कराया है। माई नदी में लघु उद्योग भारती के सदस्यों द्वारा जनसहयोग से बोरी बांध भी बनाया गया है।



