*छिंदवाड़ा जिला ब्यूरो शुभम सहारे*
छिन्दवाड़ा/ 28 मई 2024/ लोकसभा निर्वाचन 2024 के अंतर्गत संसदीय निर्वाचन क्षेत्र 16 छिंदवाड़ा के सातों विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय छिंदवाड़ा में 04 जून 2024 को प्रातः 8 बजे से की जायेगी। ईव्हीएम मशीनों से डाले गए मतों की गणना का कार्य विधानसभावार बनाए गए ईव्हीएम मतगणना कक्षों में प्रातः 8:30 बजे से प्रारंभ होगा। कंट्रोल यूनिट एवं व्हीव्हीपीएटी की गणना के लिये कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शीलेन्द्र सिंह ने 162 मतगणना पर्यवेक्षक, 170 मतगणना सहायक और 160 माईक्रो ऑब्जर्वर को मिलाकर कुल 492 अधिकारियों/कर्मचारियों की नियुक्ति की है। जिनका पहला प्रशिक्षण आज 3 पालियों में मेडीकल कॉलेज छिंदवाड़ा के ऑडिटोरियम हॉल में संपन्न हुआ। इस दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सिंह, सीईओ जिला पंचायत एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर छिंदवाड़ा श्री पार्थ जैसवाल, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री के.सी.बोपचे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री सिंह ने मतगणना कार्य में नियुक्त सभी अधिकारी-कर्मचारियों को कार्य के दौरान रखी जाने वाली सावधानियों से अवगत कराया और कहा कि निर्वाचन में मतगणना का कार्य बहुत ही महत्वपूर्ण होता है। जिसमें शत-प्रतिशत शुध्दता ही अपेक्षित होती है। सभी अच्छी तरह से प्रशिक्षण प्राप्त कर मतगणना प्रक्रिया और भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों को अच्छी तरह समझ लें। कोई भी डाउट न रहे। पूरी निष्पक्षता और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। प्रशिक्षण में स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर श्री राजेंद्र ठाकुर द्वारा पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से मतगणना पर्यवेक्षकों, मतगणना सहायकों और माईक्रो ऑब्जर्वर को कंट्रोल यूनिट एवं व्हीव्हीपीएटी की गणना के संबंध में और उनके दायित्वों एवं कार्यों के बारे में विस्तार से प्रशिक्षण दिया।


