कटनी (24 मई) – विद्युत आपूर्ति से संबंधित शिकायतों को लेकर कलेक्टर कटनी अवि प्रसाद द्वारा निरंतर गंभीर रुख अपनाया जा रहा है। कलेक्टर श्री प्रसाद के निर्देश पर ऊर्जा विभाग का अमला शिकायतों के त्वरित निराकरण की कार्यवाही कर रहा है। जिसकी सतत मॉनिटरिंग स्वयं कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा की जा रही है।
केबल में सुधार कर सुचारू की गई सप्लाई
विकासखंड बहोरीबंद के ग्राम धनवाही में विद्युत आपूर्ति बाधित होने की शिकायत डीसीसी के माध्यम से प्राप्त होने पर कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा इसके त्वरित निराकरण के लिए ऊर्जा विभाग को निर्देशित किया गया। कलेक्टर श्री प्रसाद के निर्देश पर कार्यपालन अभियंता ऊर्जा विभाग द्वारा तत्काल अधीनस्थ अमले को जांच कर उचित कार्यवाही करने निर्देश दिए गए। जांच में पाया गया कि ग्राम बम्होरी में लगे 25 के.व्ही.ए ट्रांसफार्मर के ओव्हर लोड होने की वजह से केबल खराब होने के कारण विद्युत की सप्लाई बाधित हो गई थी। जिसमें सुधार कार्य कर सप्लाई पुनः प्रारंभ की गई।
हाईवे स्थित स्ट्रीट लाइट की हुई मरम्मत
राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 मे कटनी से स्लीमनाबाद के मध्य हाईवे की स्ट्रीट लाइट बंद होने के संबंधी खबर को संज्ञान में लेते हुए कलेक्टर श्री अवि प्रसाद द्वारा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण परियोजना क्रियान्वयन इकाई कटनी को स्ट्रीट लाइट का सुधार कार्य कराने हेतु निर्देशित किया गया। कलेक्टर श्री प्रसाद के निर्देश पर विभाग द्वारा रखरखाव हेतु नियुक्त एजेंसी के माध्यम से स्थल का निरीक्षण के दौरान अराजक तत्वों द्वारा विद्युत केबल काट दिये जाने के कारण सप्लाई अवरूद्ध होना पाया गया। नियुक्त एजेंसी द्वारा ऊर्जा विभाग के सहयोग से केबल का सुधार कार्य किया जाकर स्ट्रीट लाइट को चालू कराया जाकर नियमित रूप से निगरानी भी की जा रही है।
4 ग्रामों में बदले गए ट्रांसफार्मर
ग्राम पंचायत हिरवारा का ट्रांसफार्मर खराब होने की जानकारी मिलते ही कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा इसकी जांच कर इसे बदलने की कार्यवाही करने ऊर्जा विभाग को निर्देशित किया गया। निर्देश के परिपालन में विभाग ने जांच कर 25 के.व्ही.ए का ट्रांसफार्मर बदल कर विद्युत आपूर्ति बहाल की। इसी प्रकार ग्राम टोपी एवं देवरा खुर्द में स्थापित 100 केवीए का ट्रांसफार्मर फेल होने की जानकारी संज्ञान में आते ही कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा इसे तत्काल बदलने के निर्देश ऊर्जा विभाग को दिए गए। निर्देश के परिपालन में विभाग ने कार्यवाही कर तत्काल ट्रांसफार्मर बदल कर नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाकर विद्युत आपूर्ति बहाल की गई। जबकि रीठी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत खम्हरिया नंबर –1 ऊपर टोला आदिवासी मोहल्ले ट्रांसफार्मर खराब होने की शिकायत को संज्ञान में लेते हुए ऊर्जा विभाग को निर्देशित किये जाने पर कनिष्ठ अभियंता रीठी वितरण केन्द्र द्वारा नियमानुसार कार्यवाही की जाकर खराब ट्रांसफार्मर को बदलकर सप्लाई सुचारु कराई गई।


