रिपोर्टर शुभम सहारे MPNEWSCAST
छिंदवाड़ा कलेक्टर शीलेंद्र सिंह ने विगत दिवस जिला अस्पताल प्रबन्धन के संदर्भ में छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज एवं जिला चिकित्सालय के अधिकारियों की बैठक ली। कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री पार्थ जायसवाल, अपर कलेक्टर श्री के.सी. बोपचे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.सी.चौरसिया, छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज के इंचार्ज डीन डॉ. वाघमारे, मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. विपिन जैन और जिला अस्पताल छिंदवाड़ा से सिविल सर्जन सह अधीक्षक जिला अस्पताल डॉ. एम.एस.सोनिया, आर.एम.ओ. डॉ. संजय राय, असिस्टेंट मैनेजर डॉ. उदय पराड़कर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में जिला अस्पताल प्रबंधन के संदर्भ में विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा उपरान्त आवश्यक दिशा – निर्देश दिये गये।
कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि जिला अस्पताल परिसर की साफ-सफाई नियमित रूप से सुनिश्चित हो इसके लिए नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा से समन्वय बनाकर कार्यवाही करें। जिला अस्पताल में उपलब्ध सुरक्षा कर्मियों, सफाई कर्मचारियों आदि के स्टॉफ प्रबन्धन के लिए डीन मेडिकल कॉलेज एवं सिविल सर्जन से चर्चा कर चिकित्सालय के आर.एम.ओ. प्लानिंग बनाएं। जिन वार्डों में मरीजों की संख्या ज्यादा होती वहां ज्यादा कर्मचारी डिप्लॉय कोई जाएं। आउट सोर्स से कार्यरत सुपरवाईजर्स की जिम्मेदारी भी तय की जाए, यदि किसी वार्ड में गड़बडी पाई जाती है तो संबंधित सुपरवाईजर को नोटिस दिया जाए और कार्यवाही भी की जाए। जिला अस्पताल की बंद लिफ्ट को तत्काल ठीक कराएं।अस्पताल में फायर सेफ्टी सिस्टम बन्द है, उसे यथाशीघ्र सुधरवाएं। सभी ड्यूटी डॉक्टर्स की उनके नियत समय में अस्पताल में ड्यूटी पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये गये। कलेक्टर श्री सिंह ने जिला अस्पताल में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए, जिन वार्डों में साफ-सफाई नियमित रूप से बेहतर पाई जायेगी, उन्हे आगामी 15 अगस्त एवं 26 जनवरी पर सार्वजनिक समारोह में सम्मानित किए जाने के संबंध में सभी को अवगत कराने के निर्देश भी दिये गये।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


