रिपोर्टर सीमा कैथवास
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक एवं विपणन संघ खरीफ 2024 सीजन में प्राथमिक कृषि साख सहकारी सोसाइटियों के माध्यम से किसानों को सुगमतापूर्वक खाद उपलब्ध करवाए उक्त निर्देश कलेक्टर नर्मदापुरम सोनिया मीना ने जिला अधिकारियों की समीक्षा बैठक में दिये।
विपणन संघ के जिला प्रबंधक देवेंद्र यादव द्वारा अवगत कराया गया कि बैंक से गत वर्ष के उर्वरक विक्रय का 92 करोड़ रु लेना शेष है। अतः क्रेडिट पर खाद उपलब्ध कराने में कठिनाई होगी। बैंक के प्रभारी मुख्य कार्य अधिकारी एवं उपायुक्त सहकारिता शिवम मिश्रा ने बताया कि बैंक की वसूली (नगद एवं लिंकिंग) से विपणन संघ को मई माह में 25 करोड़ का भुगतान किया जाएगा जिससे संघ की लेनदारी 70 करोड़ तक आ जाएगी। साथ ही जून माह में भी विपणन संघ को 20 करोड़ का भुगतान किया जाएगा।
समीक्षा में कलेक्टर द्वारा विपणन संघ को भी बैंक से संबद्ध सोसाइटी का धान, चना, मूंग का विगत वर्षों का लेबर एवं कमीशन की राशि का भुगतान शीघ्र करने के निर्देश दिये। कलेक्टर द्वारा दोनों अधिकारियों को देयकों का मिलान व आडिट शीघ्र करवाने के निर्देश दिये। कलेक्टर द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर जिले में किसानों को शून्य प्रतिशत
ब्याज दर पर अल्पकालीन ऋण उपलब्ध करवाकर क्रेडिट पर खाद उपलब्ध कराने के बैंक को निर्देश दिये।


