उमरियापान:- गर्मी का सीजन शुरू होते ही फाल्ट और ट्रांसफार्मर खराब होने की समस्या सामने आनी लगी है। बरौदा ग्राम पंचायत में बीते 22 दिनों से ट्रांसफार्मर खराब है। बिजली समस्या के साथ पानी की सप्लाई भी बाधित है। जिससे ग्रामीणों का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। ग्रामीण दिन की तेज धूप में पानी भरने के लिए दूसरे मोहल्लों में भटक रहे हैं। इतना ही नहीं ग्रामीणों ने 22 दिनों में अनेकों दफा बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं लेकिन उनकी समस्या का समाधान कराने अधिकारी रुचि नहीं ले रहे हैं।हासिल जानकारी के मुताबिक बरौदा में लगा 100 केवी के बिजली ट्रांसफार्मर से गांव के लोंगों को बिजली सप्लाई के साथ नलों में पानी की
सप्लाई भी की जाती है। ट्रांसफार्मर खराब होने से बिजली गुल हो गई है और पानी की सप्लाई भी बाधित है। ग्रामीणों को पानी न मिलने से वो परेशान है। ग्रामीणों को दिन के समय में तेज गर्मी का सामना करते हुए पानी भरना पड़ता है। महिलाएं दिनभर हैंडपंप और कुओं पर पानी भरने के लिए मजबूर हैं। इसके अलावा कई ग्रामीण तो दूसरे मोहल्ले में जाकर निजी बोरों से पानी भर रहे हैं। बिजली समस्या से परेशान ग्रामीणों में आक्रोश की स्थिति नजर आने लगी है। ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारियों से शिकायत के अलावा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर पर भी शिकायत दर्ज कराई है। लेकिन 22 दिनों बाद भी उनकी समस्या का निदान नहीं हो रहा है। जिससे कि गांव के ग्रामीणों को परेशान होना पड़ता है। गांव के ग्रामीणों ने बताया कि घरों में भी बिजली न होने से रात के समय अंधेरे में रहना पड़ता है। गर्मी के दिनों में बिजली से चलने वाले उपकरण भी बंद है। ऐसे में ग्रामीणों को दोहरी समस्या से जूझना पड़ता है। दिन के समय गर्मी में ग्रामीण बेहाल हो जाते हैं। रात के समय पर भी बिजली समस्या होने से जीवन अस्त व्यस्त हो जाता है। ग्रामीणों के मुताबिक गांव के ही कुछ लोगों के द्वारा गलत तरीके तार फंसाकर मशीनें चालू की जाती है। जिससे कि बिजली समस्या निर्मित हो जाती है। शिकायत के बाद बिजली विभाग के अधिकारी कार्रवाई की वजह गलत तरीके से मशीनें चलाने वालों को संरक्षण दे रहे हैं।ग्रामीणों ने बताया कि इन दिनों यदि बिजली नहीं रहती है तो उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों ने विभागीय अधिकारियों को समस्या से अवगत कराते हुए समस्या का निराकरण कराने की मांग किया है।
इनका कहना है:- बरौदा में ट्रांसफार्मर खराब होने की जानकारी मिली है। दो तीन दिनों में वहाँ का ट्रांसफार्मर बदल जायेगा। जो लोग गलत तरीके से तार फंसाकर मशीने चलाते हैं उन पर भी कारवाई की जाएगी।:- चंचल गुप्ता, सहायक अभियंता ढीमरखेड़ा
रिपोर्टर राजेंद्र कुमार चौरसिया धीमरखेडा कटनी


