कटनी। कल 26 अप्रैल को होने वाले मतदान को लेकर सुबह से मतदान सामग्री वितरण और उसके बाद मतदान दलों को रवाना करना और फिर मतदान केंद्रों में देर शाम तक पहुंच कर व्यवस्थाओं का जायजा लेना। इन कार्यों को संपादित करने के बाद कलेक्टर अवि प्रसाद, नगर निगम एवं राजस्व अधिकारियों के साथ गुरुवार देर शाम मधई मंदिर में बाबा भोलेनाथ के दर्शन करने पहुंचे। उन्होंने भोले बाबा से शांतिपूर्ण मतदान की प्रार्थना करने के बाद प्रशासनिक एवं नगर निगम के अधिकारियों के साथ पास ही मौजूद एक निजी रेस्टोरेंट में पहुंचे और वहां पर दिन भर की थकान आलू टिक्की चाट का ज़ायका लेकर मिटाई।

बता दें की कल होने वाली मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए कलेक्टर अवि प्रसाद सहित जिले के समस्त प्रशासनिक अधिकारी आज सुबह से ही मतदान सामग्री वितरण स्थल कृषि उपज मंडी में कार्यों को पूर्ण करने में जुटे रहे। मतदान सामग्री वितरण के बाद कलेक्टर श्री प्रसाद अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न मतदान केंद्रों के भ्रमण पर निकले। मतदान केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद देर शाम जब कलेक्टर श्री प्रसाद वापस लौट रहे थे, इसी दौरान उन्होंने मधई मंदिर में रुक कर नगर निगम एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जगत के पालनहार बाबा भोलेनाथ के दर्शन प्राप्त किए और जिले में शांतिपूर्ण मतदान एवं संपूर्ण चुनाव संपन्न होने की प्रार्थना की। बाबा भोलेनाथ के दर्शन उपरांत कलेक्टर श्री प्रसाद एवं नगर निगम तथा राजस्व अधिकारियों के साथ मंदिर के समीप स्थित एक निजी रेस्टोरेंट पहुंचे और वहां पर दिन भर की थकान उन्होंने आलू चाट टिकी खाते हुए एक खुशनुमा माहौल में मिटाई।


