प्रदेश के भोपाल से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, वायरल हो रहे एक वीडियो पर चटखारे लोग ले रहे हैं। यहां एक प्राइवेट कंपनी के इंजीनियर की ट्रेनों से कंबल, चादर और तौलिया चुराने की आदत की पोल उसकी पत्नी ने ही खोल दी। पत्नी ने पति के चोरी किए गए सामान के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए, साथ ही रेलवे पुलिस से भी शिकायत कर दी। वहीं अब मामले की जांच की जा रही है।
मामला भोपाल के एयरपोर्ट रोड स्थित दाता कॉलोनी का है। मोहम्मद अरशद पत्नी अफसाना के साथ किराए के मकान में रहता है। अरशद भोपाल में ही एक प्राइवेट कंपनी में इंजीनियर है। पत्नी अफसाना ने वीडियो शेयर कर अरशद पर चोरी का आरोप लगाया है। वीडियो में अफसाना ने अरशद का आईडी कार्ड और चोरी का सामान भी दिखाया है। महिला का कहना है कि पति ने चोरी की, ये मुझे अच्छा नहीं लगा।
पुलिस को उनके घर से 40 तौलिया, 30 चादर और 6 कंबल मिले हैं। हालांकि, पुलिस ने इंजीनियर के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। जानकारी के मुताबिक, महिला राजस्थान के कोटा की रहने वाली है और इसी साल 12 जनवरी को उसका निकाह उत्तर प्रदेश के कानपुर में रहने वाले अरशद नाम के युवक से हुआ था।


