कटनी – शहर में स्थित सभी 58 शासकीय विद्यालयों मे से अभिभावकों को अपने बच्चों को इच्छित विद्यालय में प्रवेश दिलाने से संबंधित जानकारी एक छत के नीचे प्रदान करने के उद्देश्य से कलेक्टर अवि प्रसाद की पहल पर सिंगल हेल्प डेस्क शहरी प्रवेश मेला का आयोजन 30 अप्रेल तक किया जा रहा है।
शासकीय प्राथमिक शाला कावसजी मे शुक्रवार को आयोजित प्रवेश मेला मे कलेक्टर श्री प्रसाद ने पहुंचकर छात्रों, अभिभावकों और आंगनबाडी कार्यकर्ताओं सहित शिक्षकों से बात किया। बताया गया कि शासकीय स्कूलों में प्रवेश हेतु अब तक छैह सौ से अधिक अभिभावकों द्वारा पूछताछ की गई है और पंजीयन कराया गया है।
मेले मे अभिभावकों को शासकीय स्कूलों मे बेहतर शिक्षकों की उपलब्धता, अधोसंरचनात्मक मजबूत ढांचा जैसी कई खूबियों और खासियतों की जानकारी अभिभावकों को दी जा रही है। वस्तुतः प्रवेश मेले के आयोजन के पीछे की मूल मंशा ही यह है कि अभिभावक पढ़ाई के नजरिये से आस-पास उपलब्ध शासकीय स्कूलों और उनमें उपलब्ध सुविधाओं के बारे मे जान सकें। ताकि अपने घर के नजदीक के ही सर्व सुविधायुक्त स्कूल में अभिभावक अपने बच्चों का दाखिला करा सकें।
*काजल ने कहा एक नंबर खाना मिलता है*
प्रवेश मेले के अवलोकन हेतु पहुंचे कलेक्टर अवि प्रसाद ने जब यहां की स्कूल की छात्रा काजल से पूछा – मध्यान्ह भोजन कैसा मिलता है। तब काजल ने कलेक्टर को बताया – एक नंबर …….। जिस तेजी और प्रत्युत्यन्नता से काजल ने एक नंबर कहा, उसे सुनकर कलेक्टर सहित वहां मौजूद सभी लोगो के चेहरे में हंसी का भाव दिखा। अन्य छात्रों से भी कलेक्टर ने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता के संबंध मे पूछताछ की जिस पर छात्रों ने अच्छा खाना मिलने की जानकारी दी। इसके पूर्व कलेक्टर का छात्रों ने पुष्प गुच्छ से स्वागत किया।
*पालकों को बताई गई खूबियां*
मेले के दौरान अभिभावकों को एल.ई.डी स्क्रीन्स पर शासकीय विद्यालयों का प्रमोशन, 58 विद्यालयों मे किसी भी विद्यालय में प्रवेश चाहने वाले अभिभावकों को एल.ई.डी डिजिटल माध्यम से इच्छित विद्यालय का प्रदर्शन करने की सुविधा, आवश्यक दस्तावेज जैसे समग्र आई.डी, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड आदि न होने पर भी प्रवेश देने तथा दस्तावेज बनवानें में मदद करने हेतु संधारित इस सिंगल हेल्प डेस्क में अंत तक 625 अभिभावक सम्मिलित हो चुके है।
Jansampark Madhya Pradesh


