मध्य प्रदेश की कैबिनेट की बैठक में 19 फरवरी को कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए. बैठक में गौ-माता से लेकर कई योजनाओं पर चर्चा हुई. बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अक्सर वर्षा काल में प्रमुख सड़कों और राजमार्गों पर गाय बैठी रहती हैं.
वे कई बार दुर्घटनाओं का शिकार भी हो जाती हैं. इसलिए ऐसी व्यवस्था बनाना जरूरी है कि गाय सड़कों पर न दिखे. इसलिए गौशालाओं के लिए राशि और मानदेय में वृद्धि का निर्णय लिया जाएगा. श्रेष्ठ प्रबंध कर गौ माता के सम्मान में व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगीं. यदि गौ माता मृत्यु का शिकार होती है तो उनके सम्मानजनक दाह संस्कार की व्यवस्था की जाए.
उनके अवशेष कहीं अपमानित न हों, इसके लिए समाधि व अन्य व्यवस्थाओं पर गंभीरता से ध्यान दिया जाएगा. उनकी इस बात पर मंत्रियों ने मेजें थपथपाकर स्वागत किया. सीएम यादव ने कहा कि इस काम में सामाजिक संस्थाओं का सहयोग भी लिया जाए. उन्होंने पशु पालन एवं डेयरी विभाग को इस संबंध में आवश्यक तैयारी के निर्देश दिए. दूसरी ओर, कैबिनेट बैठक में कई अहम प्रस्तावों को भी मंजूरी मिली. कैबिनेट की बैठक में फैसला लिया गया कि उज्जैन में लगने वाले मेले में ग्वालियर व्यापार मेले जैसी सुविधा जाए.
50 फीसदी छूट का प्रस्ताव मंजूर
यहां बिकने वाली गाड़ियों के पंजीयन शुल्क और रोड टेक्स में छूट को मंजूरी मिल गई है. यह मेला 1-2 मार्च को लगेगा. उद्योग विभाग की पहल पर परिवहन विभाग द्वारा टैक्स में 50 प्रतिशत छूट देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिल गई. टैक्स में छूट का लाभ गैर-परिवहन तथा छोटे परिवहन वाहनों की बिक्री पर ही मिलेगा. इसके अलावा कैबिनेट ने फैसला लिया कि आठ अधिकारियों की विभागीय जांच होगी.


