कटनी – जिले में निर्बाध और अधिकतम विद्युत आपूर्ति को लेकर कलेक्टर श्री अवि प्रसाद द्वारा लगातार विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित कर कार्यवाही कराई जा रही है। विभिन्न माध्यमों से विद्युत आपूर्ति बाधित होने संबधी शिकायत प्राप्त होने पर कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा शिकायतों को तत्काल संज्ञान में लेकर नागरिकों को राहत पहुंचाई जा रही है।
*चोरी गई विद्युत लाइन की समस्या का हुआ निराकरण*
जनपद पंचायत कटनी अंतर्गत ग्राम पौनिया में 11 केव्हीए कृषि फीडर की लाईन अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिए जाने के कारण विद्युत समस्या से परेशान ग्रामीणों द्वारा इसकी शिकायत कलेक्टर श्री प्रसाद से करते हुए निराकरण की मांग की। शिकायत को संज्ञान में लेकर कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा ऊर्जा विभाग को शिकायत की जांच कर इसके निराकरण के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री प्रसाद के निर्देश पर ऊर्जा विभाग द्वारा शिकायत की जांच कनिष्ठ अभियंता तेवरी वितरण केन्द्र द्वारा कराए जाने पर अज्ञात चोरों द्वारा 8 पोल से कृषि फीडर की लाईन चोरी करना पाया गया। जिसपर ऊर्जा विभाग द्वारा बीती 10 जनवरी को स्लीमनाबाद थाने में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई जाकर ग्रामीणों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए क्षेत्रीय लाइनमैन द्वारा 8 पोल की विद्युत लाइन तीन फेस में खींचकर विद्युत आपूर्ति सुचारू करा दी गई है।
*ग्राम घुंघरी का बदला गया ट्रांसफार्मर*
कलेक्टर श्री अवि प्रसाद द्वारा ग्राम घुघरी मे स्थापित ट्रांसफार्मर के बंद होने संबंधी प्राप्त शिकायत को त्वरित संज्ञान में लेकर ऊर्जा विभाग के कार्यपालन अभियंता दक्षिण संभाग की ओर शिकायत प्रेषित करते हुए जांच हेतु निर्देशित किया गया।
कलेक्टर श्री प्रसाद के निर्देश पर कार्यपालन अभियंता द्वारा शिकायत की जांच सहायक अभियंता उमरियापान वितरण केन्द्र के माध्यम से कराई गई। जांच के दौरान ग्राम में स्थापित 100 केव्हीए का ट्रांसफार्मर फेल हो जाना पाया गया। ग्रामीणों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए बीती 03 फरवरी को फेल ट्रांसफार्मर को बदलकर सप्लाई चालू कर दी गई है, वर्तमान मे संबंधित उपभोक्ताओं की विद्युत सप्लाई चालू कर दी गई है।
*ग्राम सैदा की ट्रांसफार्मर की समस्या का हुआ निराकरण*
ग्राम सैदा में स्थापित ट्रांसफार्मर के खराब होनें के कारण स्थानीय ग्रामीणों को हो रही समस्या संबंधी शिकायत को संज्ञान में लेकर कलेक्टर श्री प्रसाद के निर्देश पर कनिष्ठ अभियंता रीठी वितरण केन्द्र द्वारा मौके की जांच की गई। जांच के दौरान ट्रांसफार्मर खराब पाये जाने पर विगत 4 फरवरी को ट्रांसफार्मर बदलकर क्षेत्रीय उपभोक्ताओं की विद्युत आपूर्ति सुचारू करा दिये जानें पर स्थानीय नागरिकों द्वारा कलेक्टर श्री प्रसाद को धन्यवाद ज्ञापित किया गया है।
Jansampark Madhya Pradesh


