कटनी – मध्य प्रदेश गृह निर्माण एवं अघोसंरचना विकास मण्डल कटनी द्वारा विगत 10 वर्षो में जिले में कराये गए कार्यो का परीक्षण जांच दल द्वारा सूक्ष्मता पूर्वक करने के बाद कमियां पाये जाने पर कलेक्टर अवि प्रसाद द्वारा मध्य प्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मण्डल के कार्यपालन यंत्री को नोटिस जारी किया है। कलेक्टर श्री अवि प्रसाद नें उक्त कार्यवाही गठित जांच दल द्वारा तैयार किये गए प्रतिवेदन के आधार पर की है।
*इन निर्माण कार्य में पाई गईं कमियां*
निर्माण कार्यो के परीक्षण हेतु गठित जांच दल द्वारा शासकीय महाविद्यालय विजयराघवगढ़ के निर्माण कार्य की जांच के दौरान अधिकतर टायलट्स के फ्लश टूटे पाये गए तथा भवन के पिछले हिस्से में प्लास्टर में क्रेक्स पाया गया, कुछ स्थानों में बाउन्ड्रीवाल का प्लास्टर उठा हुआ पाया गया।
इसी तरह अटल आश्रय योजना के तहत 36/120 ई.डव्ल्यू.एस एवं 48 एल.आई.जी निर्माण कार्य, एवं योजनांतर्गत 84/120 ई.डव्ल्यू.एस एवं 48 एल.आई.जी निर्माण कार्य की जांच के दौरान सभी कांच टूटे हुए व अंदर के कई कमरों में बीम के नीचे एवं कालम के बगल में क्रेक्स पाये गए तथा कुछ कमरों में टाईल्स आदि का कार्य नहीं पाया गया। जबकि आई.टी.आई. कटनी स्थित डीजल मशीन वर्कशॉप की जांच के दौरान भवन की कुछ खिडकियों में सिल लेवल की नीचे माइनर क्रेक्स देखने को मिलें।
*जिम्मेदारी तय कर 3 दिवस में दें जवाब*
कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा जारी नोटिस में कार्यपालन यंत्री को निर्माण कार्यो में पाई गई कमियों के लिए जिम्मेदारी एवं समयावधि निर्धारित करनें संबंधी जवाब 3 दिवस के भीतर कार्यालय में उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया है।
Jansampark Madhya Pradesh


