कटनी (06 फरवरी)- प्रति मंगलवार की भांति जिला पंचायत के सीईओ श्री शिशिर गेमावत ने कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में आए जिले के स्थानीय एवं दूरदराज से आए आवेदकों की समस्याएं अत्यंत संवेदन शीलता के साथ धैर्यपूर्वक सुनी। उन्होंने आवेदकों की समस्याओं के तत्परता पूर्वक निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। संयुक्त कलेक्टर संस्कृति शर्मा एवं डिप्टी कलेक्टर प्रमोद चतुर्वेदी ने भी आवेदकों की समस्याओं को सुनकर उनके शीघ्र निराकरण हेतु आवश्यक कार्रवाई की। जिला पंचायत सीईओ श्री गेमावत ने न केवल मौके पर मौजूद अधिकारियों को नागरिकों से प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता का रूख अपनाते हुए निराकरण के निर्देश दिए बल्कि समस्याओं पर संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों को दूरभाष से भी आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में आये नागरिकों से 125 आवेदन पत्रों पर सुनवाई हुई।
जनसुनवाई में पहुंची बाबा नारायण शाह वार्ड हास्पिटल लाइन माधवनगर कटनी निवासी दिव्यांग आवेदिका मायादेवी धामेजा के घर मे स्थापित नगर निगम के नल की जलकर की राशि का एक लाख 35 हजार 170 रूपये का देयक दिये जाने तथा आर्थिक स्थिति अच्छी न होने के संबंध में सुनवाई करते हुए नगर निगम के सहायक यंत्री सुधीर मिश्रा की ओर आवेदन प्रेषित कर प्रकरण पर नियमानुसार कार्यवाही करनें के निर्देश दिए गए। ग्राम सलैया फाटक निवासी सुखचैन साहू नालियों से पानी की निकासी की व्यवस्था न होने के कारण घर की दीवार में पानी जमा होनें के कारण दीवार गिरने संबंधी आवेदन पर चर्चा की जाकर जनपद पंचायत जनपद पंचायत सीईओ बहोरीबंद की ओर आवेदन नियमानुसार निराकरण हेतु प्रेषित किया गया। रफी अहमद किदवई वार्ड प्रेमनगर निवासी आवेदक गोविंद सेन द्वारा पत्नी सुनीता सेन मुख्यमंत्री जन कल्याण योजना की पात्रता रखती थी। वर्ष 2021 को उनकी मृत्यु के उपरांत आवेदन किये जाने बाद भी आज दिनांक तक योजना के अंतर्गत लाभ प्रदान न किये जाने संबंधी आवेदन पर सुनवाई की जाकर आयुक्त नगर निगम कटनी की ओर उचित कार्यवाही हेतु आवेदन प्रेषित किया गया। कटनी के पन्ना मोड निवासी रामदर्शन द्विवेदी द्वारा ग्राम अमराडाड के खसरा नंबर 353 में अनावेदकों द्वारा अवैध कब्जा करने एवं आवेदक की गेंहूॅ की फसल बाडी खेत में आग लगाने संबंधी प्रस्तुत आवेदन पर अधिकारियों द्वारा सुनवाई की जाकर खनिज विभाग को आवेदन पर नियामानुसार कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम पंचायत बिजौरी निवासी दुखिया बाई द्वारा मोटराईज्ड ट्राईसाईकिल प्रदान करने, ग्राम पंचायत गुलवारा सरपंच श्रीमती सुजाता बाई के बिलहरी रोड गुलवारा से सिंचाई नहर उद्वाहन योजना गुलवारा तक सडक न होने के कारण लगभग 150 किसानों एवं क्षेत्रीय निवासियों को आवागमन की सुविधा हेतु सड़क निर्माण स्वीकृत कराये जानें संबधी आवेदन, जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के ग्राम पोंडी कला निवासी हरिचरण चौधरी द्वारा पुत्र की मृत्यु उपरांत आर्थिक सहायता प्रदान किये जाने संबंधी आवेदन पर सुनवाई की जाकर सीईओ ढीमरखेड़ा एवं श्रम पदाधिकारी को आवेदन पर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए । इस दौरान जिला अधिकारियों की मौजूदगी रही।


