22 जनवरी, सोमवार को अयोध्या में बने मंदिर में राम लला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधान से की जाएगी। सुरक्षा कारणों से इस दिन मंदिर में आम भक्तों का प्रवेश निषेध रहेगा, सिर्फ आमंत्रित लोग ही इस दिन मंदिर में जा पाएंगे।
ऐसे में आम भक्तों मन में ये सवाल है कि वे राम लला के दर्शन कब से कर पाएंगे, दर्शन की टाइमिंग क्या रहेगी, आरती में कैसे शामिल हो सकेंगे? आगे जानिए आपके इन सभी सवालों के जवाब…
आम भक्त कब से कर सकेंगे राम लला के दर्शन?
22 जनवरी को मंदिर में राम लला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इस दिन आम भक्तों को मंदिर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। इसके अगले दिन यानी 23 जनवरी, मंगलवार से आम भक्तों को मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा।
राम मंदिर में दर्शन का समय क्या रहेगा?
राम जन्मभूमि ट्रस्ट के अनुसार, राम मंदिर रोज सुबह 7:00 बजे आम भक्तों के लिए खोल दिया जाएगा। भक्त सुबह 11:30 बजे तक राम लला के दर्शन कर पाएंगे, इसके बाद करीब ढाई घंटे भोग व विश्राम के लिए मंदिर बंद रहेगा। दोपहर 2 बजे मंदिर पुन: खोला जाएगा, भक्त शाम 7 बजे तक दर्शन कर पाएंगे।
राम मंदिर में कितनी बार होगी आरती?
राम मंदिर में रामलला की आरती दिन में 3 बार की जाएगी। सबसे पहले सुबह 6:30 बजे जागरण आरती होगी, जिसे श्रृंगार आरती भी कहते हैं। दूसरी आरती दोपहर 12:00 बजे होगी, जिसे भोग आरती कहते हैं और तीसरी आरती शाम को 7:30 बजे होगी, जिसे संध्या आरती कहते हैं।
कैसे देख पाएंगे राम लला की आरती? (Ram mandir Aarti Pass Detail)
अयोध्या में अगर राम लला की आरती में शामिल होने चाहते हैं तो इसके लिए पहले आपको ऑनलाइन या ऑफलाइन बुकिंग करवानी पड़ेगी। ऑफलाइन बुकिंग के लिए मंदिर के पास बने काउंटर पर जाकर जरूरी फॉर्मेलिटी पूरी करनी पड़ेगी। ऑफलाइन बुकिंग के लिए मंदिर की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर जरूरी फॉर्मेलिटी पूरी करनी पड़ेगी।
एक बार में कितने आरती पास होंगे जारी?
राम जन्मभूमि ट्रस्ट के अनुसार, फिलहाल प्रत्येक आरती में केवल 30 लोगों को पास के साथ आरती में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी। भक्तों की संख्या को देखकर आरती पास की संख्या घटाई या बढ़ाई जा सकती है। भविष्य में इस व्यवस्था में और परिवर्तन किए जा सकते हैं।
क्या राम मंदिर में दर्शन के लिए कोई शुल्क देना होगा?
अयोध्या राम मंदिर में आम भक्तों के लिए कोई भी दर्शन शुल्क निर्धारित नहीं किया गया है, ये पूरी तरह से निशुल्क है। भक्त बिना कोई शुल्क दिए आसानी से राम लला के दर्शन कर सकते हैं। विशेष दर्शन जैसे आरती में शामिल होने के लिए पास जरूरी होगा, इसके लिए भी कोई शुल्क नहीं लगेगा।
Disclaimer : इस आर्टिकल में जो भी जानकारी दी गई है, वो ज्योतिषियों, पंचांग, धर्म ग्रंथों और मान्यताओं पर आधारित हैं। इन जानकारियों को आप तक पहुंचाने का हम सिर्फ एक माध्यम हैं। यूजर्स से निवेदन है कि वो इन जानकारियों को सिर्फ सूचना ही मानें।


