रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम । गुना में बुधवार रात को 15 वर्ष अधिक आयु पार कर चुकी बिना परमिट, फिटनेस की सड़क पर दौड़ती बस के डंपर से टकरा जाने के बाद लगी भीषण आग में 13 बस यात्रियों की जलकर दर्दनाक मौत की घटना के बाद प्रदेश सरकार एक्शन में आ गई।मुख्यमंत्री डॉ मनमोहन यादव ने गुरुवार सुबह गुना पहुंचकर घायलों से मिले और हालात की समीक्षा की और इसके बाद उन्होंने गुना कलेक्टर, एसपी,परिवहन विभाग के प्रमुख सचिव और आयुक्त को बदल दिया। वहीं गुना आरटीओ और नगर पालिका सीएमओ निलंबित कर दिया गया। घटना के बाद सीएम डॉ.यादव ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टर को निर्देशित किया है कि यदि बगैर परमिट के वाहन चलते हैं तो सतर्कता बरतें। दोषियों पर कार्यवाही करें ऐसा न होने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एक्शन होगा। आदेश मिलते ही गुरुवार से नर्मदापुरम जिले में भी पूरा पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। कलेक्टर नीरज कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी निशा चौहान,ट्रैफिक डीएसपी संतोष कुमार मिश्रा सहित पूरा अमला सड़कों पर दौड़ने वाली बसों की सघन चेकिंग अभियान में जुट गया है। गुरुवार को जांच के दौरान एक यात्री बस क्रमांक एमपी 04 पीए 7777 पर करीब डेढ़ लाख का टैक्स बकाया पाए जाने पर जप्त किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य बसों में मेडिकल बॉक्स, अग्निशमन यंत्र,अत्यधिक यात्री, ड्राइवर केबिन में अतिरिक्त सीट लगाना, इमरजेंसी गेट पर अतिरिक्त सीट लगाना, ड्राइवर कंडक्टर की वर्दी,कागजातों की पूर्ति में कमी पाए जाने पर आठ चालानी कार्रवाई में 6500 वसूले गए। वहीं शुक्रवार 29 दिसंबर को आरटीओ तथा यातायात डीएसपी की संयुक्त टीमों ने नर्मदापुरम जिले के समस्त मार्गो पर चेक प्वाइंट लगाकर प्रत्येक यात्री बसों की अंदर, बाहर तथा कागजातों की बारीकी से जांच पड़ताल की गई, जांच के दौरान प्रेशर हॉर्न, लाइट, टायर, चालक परिचालक की वर्दी,ओवरलोडिंग तथा अन्य बिंदुओ की जांच की गई। नर्मदापुरम शहर के अलावा इटारसी, माखन नगर, हरदा रोड पर ताबड़तोड़ जांच करते हुए लगभग 150 वाहनों की जांच की गई। जिसमे 80 वाहनों में कमी पाए जाने पर 80 हजार का समन शुल्क प्राप्त किया गया। इस दौरान कमी पाए जाने पर दो यात्री बसों को भी जप्त किया गया। जिसमे एमपी 48पी1120 को फिटनेस नहीं पाए जाने पर जप्त किया गया।जांच दल में आरटीओ निशा चौहान, यातायात डीएसपी संतोष मिश्रा के साथ जांच दल शामिल रहा।


