कटनी (26 दिसंबर) – कलेक्टर अवि प्रसाद के निर्देश पर जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिशिर गेमावत, संयुक्त कलेक्टर संस्कृति शर्मा एवं डिप्टी कलेक्टर प्रमोद चतुर्वेदी द्वारा जन सुनवाई में दूर दराज से पहुंचे आवेदकों के 81 आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संबंधित विभाग प्रमुखों को आवेदन पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई मे ग्राम गोदाना तहसील रीठी निवासी 60 वर्षीय नरेश पटेल पिता सेवा पटेल द्वारा ओवदन प्रस्तुत कर अवगत कराया गया कि आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण उसे जीवन यापन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वृद्धा पेंशन प्रारंभ कराने संबंधी आवेदन पर सुनवाई करते हुए सामाजिक न्याय विभाग के माध्यम से तहसील रीठी में आवेदन प्रस्तुत करने की समझाईश दी जाकर दूरभाष के माध्यम से प्रकरण पर उचित कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।
इस दौरान प्रार्थी कुमुद सुहाने निवासी जालपा देवी वार्ड ने आवेदन देते हुए बताया कि उनके वृद्ध पति गंभीर बीमारी से पीड़ित है आर्थिक स्थिति सही नहीं होने के कारण पति का इलाज कराने में असमर्थ है। गरीबी रेखा कार्ड बन जाने से पति के इलाज में सहायता प्राप्त हो सकेगी। आवेदन पर सुनवाई की जाकर अनुविभगीय अधिकारी कटनी की ओर प्रकरण को उचित कार्यवाही हेतु प्रेषित किया गया।
ग्राम पड़रिया खुर्द निवासी रामसुजान दाहिया ने आवेदन दिया कि उसके खेत मे अनुसूचित जाति कोटे से ट्रांसफार्मर लगाया गया था, जो जल गया है। ट्रांसफार्मर न होने के कारण खेत की फसल प्रभावित होने संबंधी जानकारी दिये जाने पर उर्जा विभाग की ओर प्रकरण प्रेषित कर उचित कार्यवाही के निर्देश दिए गए। इसी तरह हाउसिंग बोर्ड बजरंग नगर कटनी निवासी सुकरू लाल कोरी की बिजली बिल के सुधार संबंधी आवेदन पर सुनवाई की जाकर अधीक्षण यंत्री की ओर आवेदन उचित कार्यवाही हेतु प्रेषित किया गया।
इस दौरान ग्राम बिछिया निवासी जयप्रकाश कोरी द्वारा जंगली जानवरों द्वारा फसल को पहुंचाये गए नुकसान की मुआवजा राशि प्रदान करने, विवेकानंद निवासी धनंजय सिंह द्वारा बिजी के बिल को माफ किये जाने, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बकाया मजदूरी की राशि दिलाने सहित अन्य आवेदनों पर सुनवाई की जाकर संबंधित विभागों के अधिकारयों को आवेदनों पर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।
जनसुनवाई के दौरान कार्यपालन यंत्री पी.एच.ई के.एस.डामोर, जिला आपूर्ति अधिकारी बालेन्द्र शुक्ला, श्रम अधिकारी के.बी.मिश्रा, सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास वनश्री कुर्वेती, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग पूजा द्विवेदी, लोक सेवा के जिला प्रबंधक दिनेश विश्वकर्मा, तहसीलदार नेहा जैन, नगरनिगम सहायक यंत्री सुधीर मिश्रा सहित अन्य जिला अधिकारियों की मौजूदगी रही।


