नरसिंहपुर से अंकितनेमा की रिपोर्ट
कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने बुधवार को करेली बस्ती में धान उपार्जन के लिए बनाये गये वेयर हाऊस एवं डबल लॉक केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने गुरूकृपा वेयर हाऊस बटेसरा, अनाया वेयर हाऊस चिर्रिया एवं कौंड़िया वेयर हाऊस में किये जा रहे उपार्जन कार्यों का अवलोकन किया। यहां मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि किसानों द्वारा विक्रय के लिए लाये जा रहे धान एफएक्यू मापदंड के अनुरूप हो। नॉन एफएक्यू धान की खरीदी नहीं की जाये। उन्होंने बारदाने की उपलब्धता, तौलकांटों की स्थिति, किसानों के पंजीयन, स्लाट बुकिंग एवं धान की तौल एवं उठाव की भी जानकारी ली। कलेक्टर सुश्री बाफना ने निर्देश देते हुए कहा कि किसानों से धान खरीदी के पश्चात बारदानों में व्यवस्थित रूप से स्टेक बनाकर रखा जाये और परिवहन किया जाये। क्वालिटी सर्वेयर द्वारा रिजेक्ट किये गये सेम्पल की भी जानकारी निरीक्षण के दौरान ली।
डबल लॉक केन्द्र करेली में उन्होंने किसानों से चर्चा करते हुए खाद वितरण की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि जिले में खाद वितरण के कलेक्ट्रेट कार्यालय में स्थापित कंट्रोल स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम का टेलीफोन नम्बर 07792181 है। कॉल सेंटर के माध्यम से घर बैठे टोकन प्राप्त करने की प्रणाली अतिरिक्त व्यवस्था है। इसके अलावा खाद वितरण केन्द्र से ऑफ लाइन भी खाद प्राप्त किया जा सकता है। वर्तमान में जिले में उर्वरक एंव खाद का पर्याप्त भंडार है।
अनाया वेयर हाऊस चिर्रिया में निरीक्षण के दौरान पाया कि बारदानों पर टैग सही तरीके से नहीं लगे हैं और ना ही बारदानों पर छपाई का कार्य व्यवस्थित ढंग से किया गया है। इस पर उन्होंने खरीदी समिति को नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। वेयर हाऊस पर उन्होंने अपने समक्ष बारदानों की तौल भी करवाकर देखी।
*नरसिंहपुर से अंकितनेमा की रिपोर्ट*


