कन्नौज। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद के निर्देशानुसार व अपर पुलिस अधीक्षक डॉ अरविंद कुमार के पर्यवेक्षण में एवं क्षेत्राधिकारी यातायात शिव प्रताप सिंह के नेतृत्व में यातायात प्रभारी आफ़ाक़ खान द्वारा तिर्वा क्रासिंग में दो पहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरण का कार्यक्रम रखा गया था। जिसमें पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद के आदेश के मुताबिक यातायात प्रभारी द्वारा यातायात माह में वाहन चेकिंग के दौरान ऐसे दो पहिया वाहन चालकों के नाम नोट करवाए गए थे । जो हेलमेट खरीदने में असमर्थ थे । ऐसे लोगों को बुलवाकर पुलिस अधीक्षक द्वारा आज यातायात माह के समापन के अवसर पर दो पहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरण किए गए। इसमें स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा बढ़-चढ़कर के सहयोग किया गया। जिसमें मुख्य रूप से कानपुर पब्लिक स्कूल, संतोष फाउंडेशन स्कूल एवं मेसी ट्रैक्टर एजेंसी के प्रबंधकों द्वारा यातायात पुलिस को सहयोग दिया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार हेलमेट वितरण के समय यमराज भी मौजूद रहे। जिससे साफ संदेश दिया जा रहा था कि अगर आप लोगों ने दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट धारण नहीं किया तो वास्तव में यमराज से मुलाकात हो सकती है। अर्थात जिंदगी की लीला समाप्त हो सकती है। हेलमेट वितरण करने के बाद पुलिस अधीक्षक द्वारा हेलमेट लगाए दो पहिया वाहनों के चालकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हेलमेट पाने वाले दो पहिया वाहन चालकों द्वारा पुलिस अधीक्षक कन्नौज अमित कुमार आनंद का आभार व्यक्त किया गया। वहीं यातायात प्रभारी द्वारा बताया गया कि कन्नौज शहर में अनुशासित यातायात बनाने की एक पहल है। इससे जनपद कन्नौज में हेलमेट लगाने वालों की संख्या बढ़ेगी और दुर्घटनाएं होने पर लोगों की जान बचेगी। यही हमारी सबसे बड़ी सफलता है। किसी भी शहर का अनुशासित यातायात उस शहर की शान होता है। आज के कार्यक्रम में आधा सैकड़ा से अधिक हेलमेट वितरित किए गए। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, उप निरीक्षक अरशद अली, उप निरीक्षक राम प्रताप सिंह एवं यातायात पुलिसकर्मी मौजूद रहे।


