कटनी (21नवंबर)- विभागीय योजनाओं के संचालन और क्रियान्वयन में एक बार फिर जिला पंचायत कटनी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तरीय माह सितंबर 2023 की जारी ग्रेडिंग में “ए”प्लस ग्रेड के साथ अग्रणी जिलों में शामिल होकर दूसरा स्थान अर्जित किया है, वही जबलपुर संभाग में टॉप पर रहते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत सीईओ शिशिर गेमावत द्वारा विधानसभा निर्वाचन की अत्यंत व्यस्तताओं के बावजूद योजनाओं की प्रगति व गतिविधियों पर पैनी नजर रखकर अधिकारियों को समुचित आवश्यक निर्देश अनवरत रूप से दिए गए हैं। फलस्वरुप मैदानी अमले के निरंतर प्रयासों के चलते जिला पंचायत कटनी को प्रदेश स्तर पर दूसरा और जबलपुर संभाग में प्रथम स्थान की कामयाबी हासिल हुई। जिला पंचायत कटनी ने राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, स्वच्छ भारत अभियान, पंचायत, सीएम हेल्पलाइन, एमडीएम सहित समस्त योजनाओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए “ए” ग्रेड के साथ कुल 36अंक, औसत अंक 4.50 के साथ प्रदेश स्तर पर अव्वल रहकर द्वितीय स्थान पर बाजी मारी है।


*जिला सीईओ की सतत समीक्षा और मार्गदर्शन से आए सकारात्मक और बेहतर प्रणाम, श्री गेमावत ने तारीफ कर प्रोत्साहित किया*
जिला सीईओ श्री गेमावत द्वारा की गई योजनाओं की सतत समीक्षा, निगरानी और मार्गदर्शन से सकारत्मक और बेहतर परिणाम ने सफलता मिली। श्री गेमावत ने विभागीय योजनाओं के संचालन और क्रियान्वयन में बेहतर प्रदर्शन करने पर जनपद पंचायतों के सीईओ सहित अधिकारियों कर्मचारियों के अथक परिश्रम और लगन की तारीफ करते हुए इस उत्कृष्ट प्रदर्शन की निरंतरता को बनाए रखने को कहा है।


