देखे VIDEO
कटनी – विधान सभा निर्वाचन के मद्देनजर चेकपोस्ट नाकों में डियूटी पर तैनात दो कर्मचारियों को अनुपस्थित रहना भारी पड गया । दरअसल पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवि प्रसाद ने विधानसभा निर्वाचन की आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद जिले की विधानसभा क्षेत्रों के चेकपोस्ट नाकों की निगरानी का दायित्व निभाने तीन पालियों में कर्मचारियों की डियूटी लगाई थी। लेकिन विधान सभा क्षेत्र 94 बहोरीबंद के सिंदुरसी घाट तिराहा नाका सिहोरा रोड मझोली हाउस में स्थापित चेकपोस्ट में डियूटी पर तैनात कर्मचारी मदनलाल अहिरवार मलेरिया इंस्पेक्टर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रीठी अपने कर्तव्यों पर विगत 4 दिनों से अनुपस्थित पाये गए।
इसी तरह एक अन्य प्रकरण में विधान सभा क्षेत्र 94 बहोरीबंद के ग्राम अमगवा नाका रेपुरा पन्ना रोड में पदस्थ कर्मचारी विनय बबेले एवीएफओ पशुपालन के भी विगत दो दिवसों से अपने कर्तव्यों पर अनुपस्थित पाए जाने पर कलेक्टर अवि प्रसाद ने इन दोनो कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दो कार्यदिवसों में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है।
कलेक्टर श्री प्रसाद ने इन कर्मियों द्वारा निर्वाचन जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में रूचि नहीं लेने और लापरवाही बरतनें पर नाराजगी जाहिर की है और संतोष जनक जवाब नहीं दिये जाने की स्थिति पर एकपक्षीय कार्यवाही किये जाने की चेतावनी भी दी है।
उल्लेखनीय है कि जिले में स्थापित सभी चेकपोस्ट नाके सी.सी.टी.वी कैमरों की निगरानी में है और इन सभी चेक पोस्ट नाकों पर होने वाली हर गतिविधि की जिला स्तरीय वेबकास्ट व्यूइंग कंट्रोल रूम की टीम द्वारा चेक पोस्टों की हर गतिविधि पर कडी नजर रखी जाती है। जिसमें चेकपोस्ट नाकों पर तैनात कर्मचारियों सहित नाकों से गुजरने वाले हर व्यक्ति और वाहनों की भी 24 घंटे निगरानी की जा रही है।
Jansampark Madhya Pradesh


