कटनी। जिले की बहोरीबंद रीठी विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में बगावत की आग जोर पकड़ चुकी है। आज बहोरीबंद के मोहाई बजरंग प्रांगण में ओबीसी, हरिजन, आदिवासी एवं सामान्य वर्ग के लोगों द्वारा विशाल सभा कर शक्ति प्रदर्शन किया गया। आयोजित सभा में एकत्र सभी लोगों ने क्षेत्रीय प्रत्याशी की मांग पर मोहर लगाई। सभा स्थल पर कांग्रेस और भाजपा पार्टी द्वारा क्षेत्रीय प्रत्याशी को टिकट न देने पर असंतुष्ट नजर आये क्षेत्रीय लोग। क्षेत्रीय लोगों ने एकजुट होकर क्षेत्र में क्षेत्रीय प्रत्याशी न होने पर बगावत करने एवं अलग से अपना प्रत्याशी बनाकर चुनाव लड़ने की बात पूरी वजनदारी के साथ कहीं।
इस दौरान क्षेत्रीय प्रत्याशी को चयनित करने के लिए एक जुटता दिखाई गई। सभी ने कोर कमेटी द्वारा लिए गए निर्णय पर चिन्हित प्रत्याशी को जिताने के लिए संकल्पित हुए। यहां मौजूद अलग अलग पार्टियों के पदाधिकारियों एवं लोगों ने यह बात कही की क्षेत्रीय प्रत्याशी के लिए हम आवश्यकता हुई तो अपनी पार्टियों को भी छोड़कर एकजुट होंगे।
गौरतलब है की विगत लंबे समय से बहोरीबंद रीठी विधानसभा क्षेत्र में क्षेत्रीयता की बात को उपेक्षित किया जा रहा है। आज की सभा में बगावत के स्वर गूंज रहे थे। कार्यक्रम में क्षेत्र के सभी वरिष्ठ नेता एवं क्षेत्रीय प्रबुद्ध जन हजारों की संख्या में उपस्थित थे।
शंकर उतरेंगे मैदान में
सभा स्थल पर मौजूद लोगों के बीच शंकर महतो को आगामी विधानसभा में उतारने की चर्चा सरगर्म रही। हालाकि अभी तक वहां मौजूद वरिष्ठ नेताओं ने इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की लेकिन जल्द ही इस बात की घोषणा होने के आसर हैं।
दलों में खलबली
बहोरीबंद विधानसभा की मोहाई में आज आयोजित हुई विशाल सभा ने पूरी विधानसभा को हिला कर रख दिया है। हजारों की तादाद में मौजूद लोग एक स्वर में क्षेत्रीय प्रत्याशी को उतारने के लिए मांग करते नजर आए। क्षेत्र में इस तरह हजारों की संख्या में एकत्र होकर लोगों का दोनों ही राजनीतिक दलों को खिलाफत करना आगामी दिनों में किसी बड़े घमासान की ओर इशारा करता है। आज हुई सभा के कारण कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पार्टियों के अंदर खलबली मची रही। दोनों ही पार्टियों के प्रत्याशी एक बार फिर नए तरीके से राजनीतिक समीकरण बैठाने में जुट गए हैं।


