कटनी। एनकेजे थाना क्षेत्र के जुहला बाईपास से आॅटो में सवार होकर बाजार आ रहे एक सराफा कारोबारी के बैग से एक लाख रुपए चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के बाद मामले की जांच शुरु कर दी है। सराफा कारोबारी का कहना है कि जिस आॅटो से वह यात्रा कर रहा था उसमें दो नकाबपोश युवतियां बैठी हुई थी, दोनों युवतिायों पर रुपए चोरी करने का संदेह है। पुलिस टीम सीसीटीवी कैमरे के आधार पर आॅटो चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल आरोपियों के संबंध में पुलिस के पास कोई सुराग नहीं है।
पुलिस ने बताया कि उमरिया जिला निवासी राजकुमार सोनी कटनी आया था, जुहला बाईपास आटो में सवार होकर सराफा बाजार आया। इस दौरान उसने अपना बैग देखा तो उसमें रखे एक लाख रुपए नहीं थे। राजकुमार सोनी ने पुलिस को बताया कि आॅटो में सवार होने के दौरान उसके बैग में रुपए रखे हुए थे, आॅटो में दो नाकाबपोश युवतियां भी बैठी थी, राजकुमार सोनी ने दोनों युवतियों पर रुपए चोरी करने का संदेह जताया है। कोतवाली थाना प्रभारी आशीष कुमार शर्मा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरु कर दी गई है।


