रिपोर्टर भुवनेश्वर केवट
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश अनुपम राजन द्वारा मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन और मध्यप्रदेश-विधानसभा-निर्वाचन-2023 की तैयारी के संबंध में प्रदेश के सभी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से संपन्न हुई इस बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना तथा अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह सहित संबंधित उपस्थित रहे।
फोटो निर्वाचक नामावली के द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2023 अंतर्गत 4 अक्टूबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि 4 अक्टूबर को प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ द्वारा स्थानीय लोगों की उपस्थिति में मतदाता सूची का वाचन किया जाएगा। जिलास्तर पर मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के साथ बैठक की जाएगी और उन्हें मतदाता सूची की एक मुद्रित प्रति एवं एक प्रति सीडी उपलब्ध कराई जाएगी। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टि एवं मृत मतदाताओं के नाम हटाने तथा सी विजिल ऐप में मैपिंग के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्हों ने कहा कि मतदाता सूची में जिनके फोटो नहीं हैं उनकी फोटो मंगाकर अपलोड करने की कार्यवाही करें।


