कटनी (03 अक्टूबर )- कटनी में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय द्वारा मंगलवार को भूतपूर्व सैनिक रैली कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। रैली कार्यक्रम में कलेक्टर अवि प्रसाद, पुलिस अद्याीक्षक अभिजीत कुमार रंजन सहित कटनी एवं दमोह जिले के भूतपूर्व सैनिक, वीर नारियों एवं सैनिक विधवाओं कीे काफी संख्या में उपस्थिति रहीं।
कार्यक्रम की शुरूआत कैप्टन डॉ. एस के पाठक सेवानिवृत्त द्वारा दीप प्रजव्वलित करके की गई। रैली में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी द्वारा जिला कलेक्टर श्री अवि प्रसाद एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। कलेक्टर श्री अवि प्रसाद द्वारा वीर नारियों एवं द्वितीय विश्व युद्ध की विधवाओं को श्रीफल एवं शाल भेंट कर सम्मानित किया। कलेक्टर तथा पुलिस अधीक्षक जिला कटनी द्वारा रैली को संबोधित किया जाकर उनकी समस्याओं का निराकरण कराने का आश्वासन दिया गया।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी डॉ. शास्त्री प्रसाद त्रिपाठी, सेवानिवृत्त द्वारा रैली को संबोधित करते हुए समस्त कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की । कर्नल विक्रम प्रसन्ना ने ईसीएचएस के संबंध में जानकारी प्रदान की तथा कर्नल जितेन्द्र सिंह बाथ स्टेशन मुख्यालय जबलपुर ने वीर नारियों एवं सैनिक विधवाओं को उपहार भेट किए।
सिग्नल रिकार्ड जबलपुर, ईसीएचएस केंद्र जबलपुर से आयी टीमों द्वारा भूतपूर्व सैनिकों की कई समस्याओं का निराकरण किया गया। अंत में समस्त आगंतुको को भोजन उपरांत रैली का समापन किया गया।


