रिपोर्टर भुवनेश्वर केवट
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर वृद्ध-युवा मतदाता संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठजनों ने निर्वाचन से संबंधित अपने अनुभव साझा करते हुए नवीन मतदाताओं को अनिवार्य एवं नैतिक मतदान के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना द्वारा वरिष्ठ मतदाताओं को शॉल एवं श्रीफल से सम्मानित करते हुए उपहार प्रदान किए। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह एवं हुनेन्द्र घोरमारे तथा बुजुर्ग एवं नवीन मतदाता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि बुजुर्गजन हमारे परिवार एवं समाज का आधार हैं। देश के निर्माण तथा लोकतंत्र की सफलता में वृद्धजनों का महत्वपूर्ण योगदान है, वर्तमान पीढ़ी को वृद्धजनों से सीखने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में कलापथक दल के सदस्यों तथा नवीन मतदाताओं द्वारा भी मतदाता जागरूकता से संबंधित गीत प्रस्तुत किए गए तथा वृद्ध तथा नवीन मतदाताओं के समक्ष इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन का प्रदर्शन करते हुए मतदान की प्रक्रिया बतलाई गई।
101 वर्षीय पदमा विभाजन के समय पाकिस्तान से आई थी
वृद्ध-युवा संवाद कार्यक्रम में अपने अनुभव साझा करते हुए 101 वर्षीय पदमा बाई ने बताया कि हिन्दुस्तान की खूबसूरती लोकतंत्र से है। उसने बताया कि वह 1947 में विभाजन के समय परिवार सहित भारत आई थी। उसने प्रत्येक चुनाव में भागीदारी करते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। 90 वर्षीय महेश वाजपेयी ने बताया कि उन्होंने आर्मी की ओर से कश्मीर के पुंछ क्षेत्र में भी कार्य किया है। विषय परिस्थितियों में भी उन्होंने प्रत्येक चुनाव में मतदान किया है। इसी प्रकार 89 वर्षीय आईपी तिवारी ने कहा कि पहले निर्वाचन की प्रक्रिया अत्यंत कठिन थी। ईव्हीएम के आने से मतदान की प्रक्रिया आसान हो गई है।
हम भी लोकतंत्र की मजबूती में सहभागी बनेंगे
कार्यक्रम में ऐसे नवीन मतदाताओं से भी संवाद किया गया जो विधानसभा निर्वाचन 2023 में पहली बार मतदान करेंगे। उन्होंने कहा कि मताधिकार का उपयोग कर अब हम भी लोकतंत्र की मजबूती में सहभागी बनेंगे। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि प्रत्येक मतदाता को नैतिक मतदान करते हुए अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से उपयोग करना चाहिए। उन्होंने नवीन मतदाताओं से आव्हान किया वे स्वयं वोट करें तथा अपने परिवार तथा आसपास के वरिष्ठ मतदाताओं को भी मतदान करने में सहायक बनें। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को नैतिक मतदान की शपथ दिलाई गई।
Jansampark Madhya Pradesh
Chief Electoral Officer Madhya Pradesh
Election Commission of India


