सागर टीकाराम साहू
इंडिया स्मार्ट सिटीज् कान्कलेव में मध्यप्रदेश को सर्वश्रेष्ठ राज्य का पुरस्कार दिये जाने और राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मू द्वारा मध्यप्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह को सम्मानित किये जाने पर बांदरी, पिठोरिया और खुरई में समारोह पूर्वक नागरिक अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर मंत्री श्री सिंह ने कहा कि यह उनका नहीं बल्कि खुरई विधानसभा क्षेत्र की जनता का सम्मान है।
मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने बांदरी में प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत 1445 हितग्राहियों को आवास स्वीकृति पत्र वितरित किये। कन्या माध्यमिक शाला भवन में 15 लाख लागत के उन्नयन कार्य का लोकार्पण किया। इसके साथ ही बांदरी के प्रत्येक घर के लिए कुल 16 हजार डस्टबिन का वितरण किया। मंत्री श्री सिंह ने पिठोरिया में एक करोड़ रूपए लागत के संत रविदास भवन, बाउण्ड्री वाल, बैडमिंटन कोर्ट और जिम का लोकार्पण किया।
मंत्री श्री सिंह ने खुरई के पं. केसी शर्मा उत्कृष्ट विद्यालय में निबंध प्रतियोगिता एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता के 135 पुरस्कार वितरित किये। मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि पिछले दो साल में यहां प्रधानमंत्री आवास योजना के 8 हजार आवास स्वीकृत किये जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि विकास कोरे भाषणों से नहीं होता। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने खुरई विधानसभा क्षेत्र के विकास की मुक्तकंठ से सराहना की है। उन्होंने कहा कि देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मू जी द्वारा स्मार्ट सिटी मिशन में पूरे देश में मध्यप्रदेश को प्रथम स्थान मिला है। राष्ट्रपति और इससे पहले प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा मुझे सम्मानित किया गया था। यह सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि खुरई विधानसभा क्षेत्र की जनता का सम्मान है।
मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पूरे देश में सफाई अभियान चलाने का आव्हान किया है। एक अक्टूबर को खुरई विधानसभा क्षेत्र के सभी वार्डों में सफाई अभियान चलाना है। एक अक्टूबर को सफाई कर्मियों का सम्मान करते हुए उनके साथ बैठकर सामूहिक भोज का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर मंत्री श्री सिंह ने सफाई कर्मियों का मानदेय 8 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रूपए किये जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आज 5 करोड़ की सड़कों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया गया है। बांदरी में शीघ्र ही कैम्प लगाकर प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र प्रदान किये जाएंगे।
पिठोरिया में संत श्री रविदास भवन और बाउण्ड्रीवाल के लोकार्पण समारोह में मंत्री श्री सिंह ने संत श्री रविदास की जीवनी पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पिठोरिया में अब तक 50 करोड़ के विकास कार्य हो चुके हैं। सरकार ने गरीबी हटाने और उनके जीवन में परिवर्तन लाने का महाअभियान चलाया है। विकास करने से ही जीवन बदलता है।
इस अवसर पर मंत्री श्री सिंह ने स्थानीय जनता के अनुरोध पर मुस्लिम समाज के कब्रिस्तान में बाउण्ड्रीवाल, झीकनी-बरोदिया में संत श्री रविदास जी के मंदिर निर्माण, परिक्रमा और भजन सामग्री, क्रिकेट ग्राउण्ड, सीसी रोड, सामुदायिक भवन में बाउण्ड्रीवाल सहित अनेक कार्यों के लिए राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बांदरी में न्यायालय भी बनाया जाएगा।
खुरई के पं. केसी शर्मा उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित समारोह में मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने निबंध प्रतियोगिता और बैडमिंटन प्रतियोगिता के 135 विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार भेंट कर सम्मानित किया। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रतियोगिता के आयोजन से छात्र प्रतिभाओं के सामने आने का अवसर प्राप्त होता है। बच्चे ही देश का भविष्य हैं, इसके लिए उनका सपना है कि खुरई शिक्षा का हब बने।
मंत्री श्री सिंह ने कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा गीतों के प्रस्तुति से खुश होकर घोषणा की कि कल से ही गानों की प्रतियोगिता शुरू की जाएगी। जिसमें प्रथम से पांचवे स्थान पर आने वाले विजेताओं को क्रमशः 51 हजार, 31 हजार, 21 हजार, 11 हजार और 5 हजार की राशि भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। मंत्री श्री सिंह ने मॉडल स्कूल के लिए छात्राओं से ही झण्डी दिखवाकर 65 लाख की लागत की दो बसों को रवाना किया। उन्होंने कहा कि यह बसें सोमवार से विद्यार्थियों को निःशुल्क स्कूल ले जाएंगी। इस अवसर पर उन्होंने नगर पालिका खुरई को दो नई कचरा गाड़ी सौंपी। विद्यार्थियों के अनुरोध पर उन्होंने अतिरिक्त कक्ष, रीठौर में बाउण्ड्रीवाल, कठैली में भवन निर्माण हेतु स्वीकृति प्रदान की।
Jansampark Madhya Pradesh Bhuppendra Siingh #JansamparkMP


