कटनी (25 सितंबर )- मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल की बोर्ड परीक्षा के जिले में परीक्षा परिणामों में सुधार के लिए कलेक्टर कटनी अवि प्रसाद निरंतर गंभीर प्रयास कर रहे हैं। इन्ही प्रयासों के तहत कलेक्टर श्री प्रसाद के निर्देश पर जिला शिक्षा विभाग द्वारा जिले के शासकीय विद्यालयों में अंग्रेजी विषय के अध्यापन का स्तर बेहतर करने के लिए विकासखंड स्तर पर एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
रीठी से हुई शुरुआत
सत्र 2022-23 में जिले के बोर्ड परीक्षा परिणामों में विद्यार्थियों के निराशाजनक प्रदर्शन से चिंतित कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा इसकी गहन समीक्षा की गई। जिसमें पाया गया कि बोर्ड परीक्षा दौरान शासकीय विद्यालयों के परीक्षार्थियों के अंग्रेजी परीक्षा का परिणाम कमजोर होने से उसका सीधा असर जिले के संपूर्ण परीक्षा परिणाम में परिलक्षित हुआ। समीक्षा उपरांत कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा परीक्षा परिणामों में सुधार को लेकर नवाचार किए गए। इन्हीं नवाचारों के तहत अंग्रजी विषय के बेहतर अध्यापन के लिए कलेक्टर
श्री प्रसाद द्वारा परीक्षा परिणामों में सुधार को लेकर नवाचार किए गए। इन्हीं नवाचारों के तहत अंग्रजी विषय के बेहतर अध्यापन के लिए कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा जिले के समस्त शासकीय विद्यालयों के अंग्रेजी विषय के शिक्षकों की प्रशिक्षण दिए जाने का निर्णय लिया गया। जिसकी शुरुआत जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर नोडल अधिकारी अनिल चक्रवती की देखरेख में आज सोमवार को रीठी विकासखंड से हुई। शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रीठी में आज सोमवार की सुबह 11 बजे से 4 बजे तक यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसी क्रम में 26 सितंबर को विजयराघवगढ़ विकासखंड का प्रशिक्षण शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विजयराघवगढ़, ढीमरखेड़ा विकासखंड का प्रशिक्षण 27 सितंबर को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उमरियापान, बहोरीबंद विकासखंड का प्रशिक्षण 29 सितंबर को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बहोरीबंद, बड़वारा विकासखंड का प्रशिक्षण 30 सितंबर को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़वारा और कटनी विकासखंड का प्रशिक्षण 3 अक्टूबर को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कटनी में आयोजित किया जाएगा। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित इस प्रशिक्षण में अध्यापन की जिम्मेदारी शिक्षिका वर्षा गौतम,
पुष्पलता शर्मा और ज्योति तिवारी को सौंपी गई है। रीठी में जितेंद्र सेन, विजयराघवगढ़ में आनंद बर्मन, ढीमरखेड़ा और बहोरीबंद में गंगाराम राजपाल, और बड़वारा व कटनी में वर्षा खंडेलवाल सहायक की भूमिका में रहेंगी। प्रशिक्षण में अंग्रेजी विषय का अध्यापन कराने वाले शिक्षकों को बेहतर और प्रभावी तरीके से अध्यापन कराने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही कलेक्टर श्री प्रसाद के नवाचार के तहत विद्यार्थियों को अंग्रेजी विषय का वीडियो के माध्यम से अध्यापन कराए जाने के संबंध में भी इन्हें प्रशिक्षित किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि बोर्ड परीक्षा के परिणामों में सुधार के लिए कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा नवाचार करते हुए सभी शासकीय विद्यालयों में कक्षा 10 और 12 के विद्यार्थियों की मासिक मूल्यांकन परीक्षा का आयोजन विगत दो माह से किया जा रहा है। साथ ही विद्यार्थियों के लिए उपयोगी पाठ्य सामग्री की बुकलेट का भी प्रकाशन कराया जा रहा है।


