चोरी की घटना को अंजाम देने वाले दो सगे भाइयों को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर चोरी हुए माल सहित गिरफ्तार कर लिया है और आरोपियों को न्यायालय में पेश भी किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रीठी थाना अंतर्गत सलैया चौकी के ग्राम कैना निवासी प्रीतम राय के घर में बीती शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात को चोरों ने धावा बोलकर सोने-चांदी के करीब एक लाख पचास हजार रुपए के जेवर लेकर चंपत हो गये थे। पीड़ित ने इसकी शिकायत सलैया पुलिस चौकी में दर्ज कराई थी। ग्राम पंचायत कैना में हुई इस चोरी की वारदात को जिला पुलिस अधीक्षक ने गंभीरता से लिया और चोरी गये माल एवं आरोपीयों की पातासाजी के लिए रीठी थाना प्रभारी राजेन्द्र मिश्र के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। जिसमें गठित टीम के द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की तलाश की गई। पातासाजी के दौरान पुलिस को रीठी के ग्राम बरजी निवासी कुलदीप उर्फ ताती दुबे एवं राहुल उर्फ पिंटू दुबे पिता रविप्रकाश दुबे की संदिग्ध गतिविधियों पर संदेह हुआ। जिनको हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ की तो कुलदीप उर्फ ताती दुबे एवं राहुल उर्फ पिंटू दुबे दोनों सगे भाइयों ने शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात को कैना निवासी प्रीतम राय के घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात चोरी करना कबूल किया। पुलिस ने दोनों बदमाशों के पास से चोरी किए गए दो नग चांदी के डोरा, चार जोड़ी चांदी की पायल, एक जोड़ी चांदी के कंगन, एक ताबीज सोने की एवं एक सोने का लाकेट बरामद किया है।


