हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर के अनुसार केन्द्र में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का पूरा ध्यान गरीबों की सेवा में है। उनके नेतृत्व में गरीबों और महिलाओं के हित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है। श्री मनोहर खट्टर आज नरयावली विधानसभा क्षेत्र के मकरोनिया रजाखेड़ी बजरिया में आयोजित एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। जनसभा में पूर्व सांसद श्री प्रभात झा, विधायक श्री प्रदीप लारिया, श्री गौरव सिरोठिया भी उपस्थित थे।
श्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि बुंदेलखंड मध्यप्रदेश का प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक क्षेत्र है। पिछले 18 वर्षो में इस क्षेत्र का तेजी से विकास हुआ है। केन बेतवा लिंक परियोजना ये अब इस क्षेत्र का परिदृष्य ही बदल जायेगा। आज मध्यप्रदेश में पर्याप्त बिजली, पानी की सुविधा है। नेशनल और स्टेट हाइवे बन चुके है, जहां यात्रा के समय में बचत हो रही है। उन्होंने भी नरेन्द्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि आज भारत की गिनती विश्व में पांचवे प्रगतिशील देशों में होती है। साल 2047 तक भारत विश्व में तीसरे स्थान पर होगा। श्री नरेन्द्र मोदी समाज के गरीबों और पिछडे़ वर्ग की सबसे पहले चिंता करते है। प्रत्येक भारतीय की सुरक्षा की उन्हें चिंता है। यही कारण है कि यूक्रेन से युध्द के समय भारतीय बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। उन्होंने इस बात के लिए श्री शिवराज सिंह चौहान की तारीफ की कि उन्होंने आधी आबादी अर्थात गरीब महिलाओं की तकलीफों, दुख-दर्द को समझा और मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना को लागू कर सवा करोड़ बहनों की आर्थिक स्थिति मजबूत की।
श्री प्रभात झा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी वैश्विक नेता के रूप में उभरे है। आज भारत के बिना विश्व का कोई फैसला नहीं होता। चन्द्रयान और आदित्य एल-1 जैसे सफल अभियान का श्रेय श्री मोदी को है। विधायक श्री प्रदीप लारिया ने श्री मनोहर लाल खट्टर को किसान पुत्र बताते हुए कहा उनके नेतृत्व में हरियाणा भी मध्यप्रदेश की तरह सतत प्रगति कर रहा है। श्री लारिया ने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार ने मकरोनिया क्षेत्र के विकास के लिए कोई कसर शेष नहीं छोड़ी है। कार्यक्रम को श्री अभिलाष पाण्डे ने भी संबोधित किया।
प्रांरभ में श्री खट्टर ने कन्यापूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मकरोनिया नगर पालिका के पार्षदों और अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा एक बड़ी माला के साथ श्री खट्टर और श्री लारिया का स्वागत किया गया। इस अवसर पर श्री बंटी राठौर द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्री मिहीलाल अहिरवार, श्रीमती जयंती मौर्य, पार्षदगण सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित थे।
जिला ब्यूरो चीफ दुर्ग सिंह यादव


