कटनी (08 सितंबर ) – नगर परिषद विजयराघवगढ़ एवं बरही हेतु अमृत 2.0 योजनान्तर्गत जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक का आयोजन शुक्रवार को कलेक्टर अवि प्रसाद की अध्यक्षता में किया गया। उक्त बैठक में नगरीय क्षेत्र विजयराघवगढ़ अंतर्गत वार्ड क्रमांक 15 में स्थित तालाब के सौदार्यीकरण एवम पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकास हेतु फलदार वृक्षों का वृक्षारोपण, पेवर्स ब्लॉक्स, पिचिंग, फेंसिंग आदि कराए जाने हेतु समिति द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई।
नगर परिषद बरही क्षेत्रांतर्गत वाटर बॉडी की डीपीआर तथा पार्क निर्माण हेतु भूमि आवंटन के संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी बरही एवम उपयंत्री, नगर परिषद बरही, समिति के समक्ष संतोष जनक जवाब नहीं दिये जाने पर कलेक्टर अवि प्रसाद द्वारा नाराजगी व्यक्त की गई तथा वाटर बॉडी की डीपीआर का परीक्षण जल संसाधन विभाग से कराए जाने हेतु एवम भूमि आवंटन की सैद्धांतिक सहमति प्राप्त किए जाने हेतु निर्देशित किया गया।
बैठक में अध्यक्ष नगर परिषद बरही, अध्यक्ष नगर परिषद विजयराघवगढ़ (वी.सी. के मध्यम से), मुख्य नगर पालिका अधिकारी बरही, मुख्य नगर पालिका अधिकारी विजयराघवगढ़, उपयंत्री बरही एवम विजयराघवगढ़, जिला परियोजना अधिकारी डूडा कटनी उपस्थित रहें।


