कटनी आगामी दिनों में धार्मिक पर्व प्रारंभ हो रहे है। पर्वो को दृष्टिगत रखते हुये नगर निगम के विद्युत कर्मचारियों को समूचे शहर में सड़क प्रकाश व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिये गये है। निगमायुक्त विनोद कुमार शुक्ल ने गत दिवस नगर निगम के विद्युत विभाग की बैठक लेकर उपस्थित अधिकारी व कर्मचारियों से उनके कार्यो की जानकारी लेते हुये नगर की सडक प्रकाश व्यवस्था में सुधार लाने को कहा गया।
निगमायुक्त श्री शुक्ल ने बैठक में उपस्थित विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों से कहा कि वार्डो में बंद स्ट्रीट लाइटो का सर्वे करे पंजी में दर्ज करने तथा फील्ड स्टाफ को सूची प्रदान कर बंद लाइटों को चालू करने की व्यवस्था नियुक्त सुपरवाइजर के माध्यम से करने को कहा गया। साथ ही सुपरवाइजरों को नियमित रूप से सायंकाल प्रकाश व्यवस्था हेतु भ्रमण करने व स्थल के फोटोग्राफ व्हाटसअप गु्रप के माध्यम से भेजने के निर्देश प्रदान किये गये। बैठक में कहा गया कि धार्मिक पर्व प्रारंभ हो रहे है। अतः सभी बंद स्ट्रीट लाइटों को चालू रखा जाय। विशेषकर नगर के मुख्य मार्गो ओब्हर ब्रिज पुल बस स्टेण्ड आदि महत्वपूर्ण स्थानों में कोई भी स्ट्रीट लाइट बंद नहीं रहना चाहिए। विद्युत स्टोर प्रभारी को स्टोर में पर्याप्त सामग्री को सुरक्षित रखने की व्यवस्था करने के साथ विद्युत सामग्री के स्टाक व वितरण की कम्प्यूटराइज्ड व्यवस्था करें और साफ््टवेयर तैयार करने के साथ प्रतिदिन वितरण की प्रविष्टि करायें। सडक प्रकाश के कार्यो के लिए आधुनिक मशीन सीढ़ी आदि क्रय कराने व विद्युत पोल्स की नंबरिंग कराने के भी निर्देश दिये गये। विभाग के कार्यपालन यंत्री को विभाग की आवश्यकतानुसार ठेके पर विद्युत मेन्टीनेंस कार्य कराने हेतु विधिवत निविदा आमंत्रित करने की कार्य योजना तैयार कर प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिये गये। निगमायुक्त ने विद्युतीकरण कार्य के दौरान सभी विद्युत मिस्त्री व हेल्पर को विद्युत उपकरण हेंड ग्लब्स, मुख्य स्टोर शाखा से उपलब्ध कराने के साथ यह भी कहा गया कि कोई भी कर्मचारी सुरक्षा के बगैर विद्युत कार्य नहीं करेंगे। बैठक में प्रत्येक वार्ड में स्थापित विद्युत पोल्स की जानकारी प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिये गये । निर्देशों के पालन में लापरवाही होने पर संबंधित के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जावेगी।


