रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम । सनी देओल की फिल्म गदर – 2 इस वक्त बॉक्स ऑफिस पर हिट जा रही है, तो दूसरी तरफ पुलिस विभाग में हुए फेरबदल के बाद शहर में बदमाश भी नशे की हालत में गदर मचा रहे हैं। गुरूवार देर रात रसूलिया रेलवे डबल फाटक के पास सड़क पर चलते राहगीरों से मारपीट सहित अड़ीबाजी और रिसॉर्ट में हंगामा मचाने वाले बदमाशों की शिकायत की सूचना जब देहात पुलिस तक पहुंची तो हड़कंप मच गया। यह मामला सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया। इसके बाद पूरे मामले को नर्मदापुरम एसडीओपी पराग सैनी ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल देहात थाना प्रभारी प्रवीण चौहान को बदमाशों को पकड़ने के सख्त निर्देश दिए। जलसा रिसोर्ट के संचालक कमल झा ने भी देहात थाने पहुंचकर उनके रिसोर्ट में मारपीट सहित हंगामा करने की सूचना पुलिस को दी। वहीं घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना प्रभारी प्रवीण चौहान ने तत्काल तीन टीमों का गठन कर बदमाशों को पकड़ने के लिए रवाना किया। और घेराबंदी कर नशे की हालत में दहशत फैलाने वाले आरोपियों को पकड़कर थाने ले आए। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। शुक्रवार को पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से जमानत के अभाव में सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया। घटना के संबंध में देहात थाना प्रभारी प्रवीण चौहान ने बताया कि आरोपी राहुल जाटव उर्फ अंडा निवासी इटारसी रोड रसूलिया, राजकुमार जाटव निवासी बुधवाड़ा, दीपक कहार निवासी करेली, राहुल यादव उर्फ आजाद निवासी बुधवाडा को धारा 294, 323, 327, 427, 34 आईपीसी सहित 25 आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है। आरोपी नशे की हालत में पिकअप वाहन में तलवार के साथ दहशत फैला रहे थे और नशे की हालत में मारपीट सहित अड़ीबाजी कर रहे थे, फरियादी गोविंद प्रसाद निवासी रसूलिया की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। जिनकी दो-तीन दिनों से हुड़दंग करने की शिकायतें भी मिल रही थी। देहात थाना के एचसीएस राजेश गौर ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया था जहां से उन्हें जमानत के अभाव में जेल भेज दिया गया है। राहुल जाटव उर्फ अंडा पर पूर्व में भी मामला दर्ज हैं वह अवैध शराब का कारोबार भी करता है। एसडीओपी पराग सैनी ने बताया कि उन तक भी शिकायतें पहुंच रही थी, गुरुवार रात की घटना की जानकारी उन्हें लगी थी। जिसके बाद तत्काल देहात पुलिस टीम ने सक्रियता से आरोपियों को पकड़ लिया है। अवगत हो कि जिले में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर पुलिस विभाग में व्यापक फेरबदल हुआ है। जिसके चलते सभी थानों में लगभग नए थाना प्रभारी की नियुक्ति हुई है और पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह भी फील्ड पर सक्रिय हैं। उनके द्वारा सख्त निर्देश पूर्व से ही दिए गए हैं कि जिले में शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर थाना प्रभारी सख्त कार्यवाही करें।


