छिंदवाड़ा। परासिया रोड स्थित हाउसिंग बोर्ड कालोनी में बुधवार-गुरूवार की दरमियानी रात तेंदुए द्वारा किए गए हिरण के शिकार के बाद तेंदुआ अब भी वन विभाग की पकड़ से दूर बना हुआ है। हालांकि विभाग को प्रियदर्शिनी कालोनी क्षेत्र में कुछ स्थानों पर कुत्तों का खून मिला है जिससे यह कहा जा रहा है कि यह खून उन कुत्तों का हो सकता है जिनका शिकार तेंदुए ने किया है।
वन विभाग ने तेंदुए को पकडऩे की अपनी तैयारियों के तहत क्षेत्र में सेलेक्टेड लोकेशंस पर चार कैमरे लगाए थे लेकिन उनमें भी तेंदुआ कैप्चर नहीं हो सका। विभाग को आशंका है कि तेंदुआ अब भी प्रियदर्शिनी कालोनी क्षेत्र में ही कहीं छुपा हुआ है। उसकी तलाश की जा रही है।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि तेंदुआ की लोकेशन ट्रेस करने अब अम जनता से भी मदद ली जा रही है। कई घरों में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, उनके भी फुटेज खंगाले जाएंगे। संभवत: इससे तेंदुए की लोकेशन मिल सके। सोशल मीडिया पर चल रही फोटो पुरानी हैं।
क्षेत्र में दहशत बरकरार
दूसरी ओर तेंदुए के रहवासी क्षेत्र में प्रवेश को लेकर क्षेत्र में दहशत बरकरार है। लोग शाम होते ही घरों में घुस गए। हाउसिंग बोर्ड कालोनी, प्रियदर्शिनी कालोनी और रेलवे ट्रैक से लगे क्षेत्रों में तो रहवासियों का दिन भी दहशत में ही गुजर रहा है।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


