कटनी – कलेक्टर श्री Avi Prasad ने गुरूवार को विकासखण्ड विजयराघवगढ़ दौरे के दौरान ग्राम अमाड़ी पहुंचकर स्वसहायता समूह द्वारा संचालित डेयरी की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली। यहां उन्हे बताया गया कि 28 स्व सहायता समूह का गठन किया गया है। जिसमें 362 सदस्य शामिल है जिनमें लगभग 150 सदस्यों द्वारा डेयरी गतिविधि पशुपालन (गाय एवं भैंस) किया जा रहा है। इस गतिविधि के लिए समूह सदस्यों द्वारा आजीविका मिशन के आरएएफ, सीआईएफ एवं बैंकों से सीसीएल के माध्यम से राशि प्राप्त की जा रही है।
बेटी बाई पटेल ग्राम संगठन अध्यक्ष ग्राम अमाड़ी, सीमा दाहिया कृषि सखी, सीताबाई पटेल व पुष्प लता पटेल- तुलसी स्व सहायता समूह रेशमा पटेल- सावित्री बाई फुले स्व सहायता समूह, सीता चौधरी साक्षी सहायता समूह इत्यादि पशु पालक समूह सदस्यों द्वारा डेयरी के संबंध में जानकारी दी गई।
पार्वती स्व सहायता समूह के सदस्य मीरा चौधरी ने अपनी कहानी बताते हुए बताया कि मेरे पति का एक्सीडेंट हो गया था। उस मुसीबत के समय हमें कहीं से भी आर्थिक मदद नहीं मिल पा रही थी। तब समूह द्वारा 50 हजार रूपये की राशि हमें दी गई। जिसके माध्यम से हमने पति का इलाज कराया और अब वे स्वस्थ हैं। उस ऋण को वापस करने के बाद अब हम पुनः अपने ग्राम संगठन से 1 लाख रूपये ऋण के रूप में लिए हैं। जिससे सिलाई एवं पशुपालन की गतिविधियां संचालित कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री प्रसाद द्वारा तुलसी समूह की सदस्य तुलसी बाई पटेल के यहां पहुंचकर डेयरी गतिविधि का निरीक्षण किया गया। जहां लगभग 40 से 45 पशुओं का पालन किया जा रहा है। डेयरी के माध्यम से यहां लगभग 150 लीटर दूध प्रतिदिन हो रहा है। जिसका विक्रय कटनी शहर में किया जाता है साथ ही दूध विक्रय नहीं होने की स्थिति में इनके द्वारा व ग्राम के अन्य दुग्ध उत्पादक सदस्यों द्वारा खोवा, पनीर, घी इत्यादि भी बनाकर विक्रय किये जाने की जानकारी प्रदान की गई।


