कटनी।कलेक्टर श्री अवि प्रसाद द्वारा जिले के शैक्षणिक स्तर में सुधार हेतु की जा रही निरंतर कोशिशों ,समीक्षा बैठकों और स्कूलों के निरंतर भ्रमण के अब सार्थक और सुखद नतीजे परिलक्षित होने लगे हैं।
तभी तो राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा प्रारंभिक शिक्षा (कक्षा एक से आठ)से संबंधित हाल ही में जारी प्रदेश के सभी 52 जिलों की रैंकिंग में कटनी जिला प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल हैं। शैक्षणिक सत्र 2021-22 में जहां कटनी जिला प्रदेश भर में 32 वें पायदान पर था ।वहीं कलेक्टर श्री प्रसाद की सतत् मॉनिटरिंग की वजह से कटनी जिले ने अपनी पिछली रैंकिंग में 19स्थान का सुधार कर ,शैक्षणिक सत्र 2022- 23 में ऊंची छलांग लगाकर पूरे प्रदेश में 13वीं रैंक हासिल किया है।
विभागीय प्राथमिकताओं तथा गणना प्रणाली के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2022-23 की वार्षिक रैंकिंग 7 डोमेन के अंतर्गत 36 इंडिकेटर के आधार पर तैयार की गई है। जिसमें शालाओं में उपलब्ध संसाधन, समग्र शिक्षा योजना के अंतर्गत छात्रों की शैक्षणिक गुणवत्ता, शिक्षकों का क्षमता संवर्धन और कार्यक्रमों का सफल क्रियान्वयन तथा जिला स्तर पर किए जा रहे विशेष प्रयासों के प्रदर्शन को समाहित करते हुए आधारित रैंकिंग जारी की गई है।
कलेक्टर श्री प्रसाद ने शैक्षणिक स्टाफ को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए जिले के शैक्षणिक स्तर को और ऊंचा उठाने और अधिक मेहनत कर , प्रदेश में कटनी को शिक्षा के क्षेत्र में नई बुलंदियों तक पहुंचाने की बात कही है।


