कटनी (16 अगस्त) – स्नेह यात्रा के आयोजन हेतु कलेक्टर श्री अवि प्रसाद की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय आयोजन समिति की बैठक बुधवार को कार्यालय कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर श्री प्रसाद ने समस्त जनपद पंचायतों के मुख्यकार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा गया है कि ग्रामीण जनों को यात्रा आने की एक दिवस पूर्व सूचना गॉवों में मुनादी करा कर प्रदान करें व ग्राम सचिव सहित सम्बंधित विभाग अपने-अपने दायित्वों का गम्भीरता से पालन करें।
कलेक्टर ने बैठक में कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा कटनी जिले में 26 अगस्त तक स्नेह यात्रा का आयोजन किया जायेगा। कलेक्टर श्री प्रसाद ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक तेजसिंह केशवाल को निर्देशित किया कि वे स्नेह यात्रा के उद्धेश्यपरख आयोजन की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें और इसका व्यापक प्रचार- प्रसार कराया जाना सुनिश्चित करें। बैठक में बताया गया कि जातिगत वैमनस्य को समाप्त कर सामाजिक जीवन में एकात्म के भाव को प्रतिपादित करने के उद्देश्य से निकाली जा रही स्नेह यात्रा में पूज्य साधु-संतो के सानिध्य
में सामाजिक समरसता स्थापित करने तथा समाज को विखण्डित करने वाली शक्तियों के विरुद्ध ऊंच-नीच से परे जातियों के एकीकरण के प्रयास किये जायेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की मंशानुरूप स्नेह यात्रा प्रदेश के सभी जिलों में एक साथ 16 अगस्त से निकाली जायेंगी। कटनी जिले में यह यात्रा सद्विचार पीठाधीश्वर महंत नरहरि दास जी महाराज गुप्तेश्व की अगुवाई में प्रारंभ होकर सभी विकासखण्डों में भ्रमण करेगी।


