अचार के पौधों के रोपण से जनजातीय समाज के लिए भविष्य में भी बनी रहेगी आय की निरंतरता
कटनी (10 अगस्त ) – बहोरीबंद की निपनिया और केवलारी गांव के जनजातीय समाज के लिए भविष्य में भी चिरौंजी उत्पादन से आय की निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से दूरदर्शी सोच के धनी कलेक्टर अवि प्रसाद ने यहां पर अचार चिरौंजी के 4हजार पौधों का वृहद पौधारोपण कराने की महत्वाकांक्षी कार्ययोजना तैयार कराया है।
कलेक्टर श्री प्रसाद बताते हैं कि निपनिया और केवलारी सहित आसपास के वन क्षेत्र में प्राकृतिक तौर पर लगे बड़ी संख्या में अचार के वृक्षों के माध्यम से प्रकृति ने यह सीख दी कि यहां अचार चिरौंजी के पौधे जल्दी ही बढ़कर वृक्ष बन जायेंगे। यहां प्राकृतिक तौर पर बहुतायत में मौजूद अचार चिरौंजी के पेड़ इस क्षेत्र में उनके तेजी से पनपने और बढ़ने के लिए वातावरण की उपयुक्तता,प्राकृतिक अनुकूलता और अचार प्रजाति के लिए बेहतरीन आबोहवा के परिचायक हैं। इससे यहां रोपे
जाने वाले अचार चिरौंजी
के पौधे तेजी से बढ़ेंगे और वृक्ष बनेंगे।
कलेक्टर श्री प्रसाद ने बताया कि कृषि विस्तार सुधार कार्यक्रम ष्आत्मा ष्के अंतर्गत निपनिया एवं केवलारी में 4हजार अचार चिरौंजी का पौधारोपण कार्यक्रम ,ग्रामों में गठित कृषक रुचि समूह एवं खाद्य सुरक्षा समूह के माध्यम से किया जाएगा। अचार चिरौंजी के रोपे पौधे भविष्य में लगभग 8 वर्ष पश्चात वृक्ष बनकर फल देने लगेंगे। इनसे लगभग 30हजार किलोग्राम सूखी चिरौंजी प्राप्त होगी।इसे प्रसंस्कृत कर करीब 7हजार 500किलोग्राम चिरौंजी ड्राई फ्रूट प्राप्त होगी। जिसे खुले बाजार में समूह के सदस्यों द्वारा 1600से 1800 रूपए प्रति किलोग्राम या इससे अधिक मूल्य पर बेची जा सकेगी। एक अनुमान के मुताबिक अचार चिरौंजी के प्रत्येक वृक्ष से तकरीबन 12 किलोग्राम सूखी चिरौंजी गुठली प्राप्त होती है।
अचार चिरौंजी के पौधारोपण कार्यक्रम हेतु तैयार कार्य योजना के मुताबिक इस क्षेत्र के 120 कृषकों में से सभी को 30 -30 पौधे प्रदान किए जाएंगे। पौधा रोपने के बाद संबंधित कृषक अपने लगाए पौधे की देखभाल ,सुरक्षा और सिंचाई आदि की व्यवस्था में कृषक रूचि समूह और खाद्य सुरक्षा समूह कृषकों की मदद करेंगे। अचार चिरौंजी के पौधों के रोपण के लिए कृषकों को पौधों के अलावा खाद भी प्रदान की जाएगी।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना में भागीदारी निभाते हुए जिले के बहोरीबंद के निपनिया और केवलारी गांव का जनजातीय समाज जिला प्रशासन की मदद से यहां लगाई गई चिरौंजी की प्रोसेसिंग यूनिट की मदद से शानदार पैकेजिंग कर चिरौंजी को खुद खुले बाजार में बेंच कर आर्थिक रूप से सशक्त हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने भी हाल ही में विकास पर्व के दौरान अपने बड़गांव प्रवास के दौरान किये गये जनदर्शन रोड शो में चिरौंजी उत्पादक जनजातीय समाज से भेंट कर उनकी उद्यमिता की सराहना की थी। साथ ही इनके चिरौंजी कारोबार को व्यावसायिक तौर पर और अधिक सक्षम बनाने के लिए दो लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि भी प्रदान की थी। इसी दौरान कलेक्टर श्री प्रसाद ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया की निपनिया और केवलारी गांव में अचार चिरौंजी के पौधारोपण की भी कार्य योजना बनाई गई है। इस पर मुख्यमंत्री ने कलेक्टर के इस नेक कार्य योजना के प्रति खुशी व्यक्त करते हुए इस पर त्वरित अमल करने की बात कही थी।


