कटनी (4 अगस्त )- जिला आयुष विभाग द्वारा आयुष आपके द्वार योजनांर्गत चिकित्सा सुविधा विहीन क्षेत्रों में घर-घर जाकर सामान्य वर्षा ऋतु जन्य बीमारियों सहित अन्य विकारों के निवारण के लिए आयुष औषधियों व दिनचर्या, ऋतुचर्या आदि के संबंध में जानकारी दी जा रही है एवं आवश्यकतानुसार औषधियों का जिले में संचालित समस्त आयुर्वेद औषधालयों द्वारा वितरण किया जा रहा है।
जिला आयुष अधिकारी डॉ रितु द्विवेदी ने बताया कि 01 अगस्त से 30 सितम्बर तक चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत संबंधित संस्थाओं के क्षेत्र में जन सामान्य के निवास स्थान व सामूहिक स्थानों पर विशेष रूप से वर्षा जनित बीमारियों मलेरिया, डेंगू, टाइफाइड, उल्टी, दस्त त्वचा के रोग, श्वास रोग, दमा आदि से बचाव एवं नेत्र फ्लू से बचाव के लिए जानकारी दी जा रही है। वर्षा जनित बीमारियों से बचाव के लिए आयुष औषधियां आयुष विंग एवं जिले की समस्त आयुष औषधालयों में उपलब्ध है।


