कटनी (4 अगस्त )- अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती साधना परस्ते ने जिले के सभी चार विधानसभा क्षेत्रों के 1163 मतदान केंद्रों के लिए शुक्रवार को मतदाता जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करने एवं मतदान से संबंधित प्रक्रिया को सुलभ रूप से समझाने के दृष्टिगत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए एक-एक मतदाता जागरूकता वाहन रवाना किए गए। इस अवसर पर सहायक नोडल अधिकारी स्वीप के.के. डेहरिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
अपर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती साधना परस्ते ने इस अवसर पर बताया कि जागरूकता वाहन जिले के समस्त विकास खंडों एवं तहसील स्तर के प्रत्येक मतदान केंद्रों के साथ भीड़ – भाड़ वाले क्षेत्रों, हाट-बाज़ार, स्कूल एवं कॉलेज आदि में जाकर मतदाताओं को जागरूक करेंगे। सभी जागरूकता वाहनों पर एलईडी लगाई गई है, जिस पर मतदाता जागरूकता संबंधी अनेक फिल्मों का प्रदर्शन कर मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक कर मताधिकार के उपयोग के लिए प्रेरित किया जायेगा। इसी के साथ मतदाता जागरूकता वाहनों पर ईवीएम एवं वी.वी.पेट का भी प्रदर्शन कर मतदाताओं को मतदान की प्रक्रिया सुलभ रूप से दी जायेगी। मतदाता जागरूकता के साथ इन वाहनों का उद्देश्य से 31 अगस्त तक चलने वाले द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण –2023 अंतर्गत मतदाताओं से अपील कर कहा जाएगा कि जिन मतदाताओं ने 18 वर्ष की उम्र पूरी कर ली है। साथ ही जो मतदाता 1 अक्टूबर 2023 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे है, वे अपने मतदान केन्द्र पर बीएलओ से संपर्क कर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने आवेदन कर सकते है।ऑनलाइन वोटर हेल्पलाइन के माध्यम से भी नाम जोड़ने के लिए आवेदन ऑनलाइन किया जा सकता है। एक माह तक चलने वाले अभियान के अंतर्गत जिले के सभी 1163 मतदान केंद्रों पर बीएलओ उपस्थित रहकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने या मतदाता परिचय पत्र में सुधार हेतु आवेदन प्राप्त करेंगे।


