कटनी (2 अगस्त ) – कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवि प्रसाद की मौजूदगी में आज आयोजित मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनैतिक दलों की बैठक मे द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की गतिविधियों के कार्यक्रम की जानकारी दी गई। साथ ही मतदाता सूची के प्रारूप की प्रति भी उपलब्ध कराई गई।
बैठक के दौरान राजनैतिक दलों से अपेक्षा की गई कि वे विधानसभावार नियुक्त बी.एल.ए की सूची उपलब्ध करा दें। नवीन नाम जुड़वाने हेतु बी.एल.ओ का सहयोग करें तथा मतदाताओं को अधिक से अधिक मतदाता सूची में नाम जुडवाने हेतु जागरूक करें। इस दौरान राजनैतिक दलों को मतदान केन्द्रों और मतदाताओं की विधानसभावार एवं मतदान केन्द्रवार जानकारी से अवगत कराया गया।
राजनैतिक दलों को बताया गया कि प्रारूप 6 के माध्यम से केवल नवीन मतदाताओं के नाम जोड़नें की कार्यवाही की जायेगी। साथ ही जिन मतदाताओं की आयु 1 अक्टूबर 2023 को 18 वर्ष हो रही है वे भी फार्म 6 के माध्यम से आवेदन कर सकते है। इसी प्रकार प्रारूप 7 में मतदाता द्वारा नामावली मे पूर्व से दर्ज किसी अन्य मतदाता के नाम को हटाने हेतु अनुरोध प्रस्तुत करना, मतदाता द्वारा नामावली में पूर्व से दर्ज किसी अन्य मतदाता के नाम को हटाने हेतु आपत्ति प्रस्तुत करना, स्वयं के नाम को निर्वाचक नामावली से विलोपित करने का अनुरोध करने पर कार्यवाही की जानकारी दी गई।
इसी प्रकार प्रारूप 8 में निवास स्थानांतरित करने हेतु आवेदन विशेष रूप से नव विवाहित महिलाएं, स्थानांतरित कर्मचारी विद्यमान निर्वाचक नामावली में प्रविष्टियों के सुधार हेतु आवेदन बिना सुधार किये प्रतिस्थापित ईपिक जारी करने हेतु आवेदन और दिव्यांग जन के रूप मे चिन्हांकित करने हेतु आवेदन करने की जानकारी दी गई। बताया गया कि निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 4 अक्टूबर को किया जायेगा। इसके पहले दो अगस्त से 31 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां ली जायेंगी। जबकि 22 सितंबर तक दावे एवं आपत्तियों का निराकरण होगा।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर कलेक्टर श्रीमती साधना परस्ते, डिप्टी कलेक्टर राकेश चौरसिया, निर्वाचन सुपरवाईजर रवि बड़गैया, सहित मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।


